मधेपुरा स्टेशन का मंजर देख काँप उठी रूह: शव के पास बैठी रही 2 साल की बच्ची, पिता हुआ फरार

मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर 25 वर्षीय काजल कुमारी का शव संदिग्ध हालत में मिला, जबकि उनकी दो मासूम बेटियां घंटों तक मां के पास बैठी रहीं, संदिग्ध आरोपी फरार बताया जा रहा है.

 Woman Found Dead Children Wait Beside Body at Madhepura Rai
मधेपुरा स्टेशन का मंजर देख काँप उठी रूह: शव के पास बैठी रही 2 साल की बच्ची, पिता हुआ फरार- फोटो : news 4 nation

बिहार के मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मानवता को शर्मसार करने वाली एक दुखद घटना सामने आई है। प्लेटफॉर्म नंबर दो पर 25 वर्षीय काजल कुमारी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसके पास उसकी दो मासूम बेटियां घंटों बैठी रहीं। 5 साल की बड़ी बेटी अपनी मृत मां का सिर गोद में रखकर उसे जगाने की कोशिश कर रही थी, जबकि 2 साल की छोटी बहन मां से लिपटकर सो गई। यह हृदयविदारक दृश्य देखकर स्टेशन पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

प्रेम विवाह से शुरू हुई थी काजल की कहानी

मृतका काजल की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। करीब 8 साल पहले मैट्रिक की परीक्षा के दौरान उसने मो. मुर्शिद से प्रेम विवाह किया था। दूसरे धर्म में शादी करने के कारण परिवार ने उससे नाता तोड़ लिया था। काजल और मुर्शिद की दो बेटियां हुईं और सब कुछ ठीक चल रहा था। मुर्शिद परिवार की बेहतरी के लिए मुंबई कमाने चला गया, लेकिन इसी बीच काजल की जिंदगी में सोशल मीडिया के जरिए मो. अंजार नाम के युवक का प्रवेश हुआ, जो बाद में इस त्रासदी का कारण बना।

अवैध संबंध और धोखे की खूनी दास्तान

पति की अनुपस्थिति में काजल और अंजार के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों साथ रहने लगे। इस दौरान काजल गर्भवती हो गई, जिसे अंजार स्वीकार करने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे। मंगलवार की रात अंजार ने बच्चों से मां की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया और उन्हें ऑटो में बैठाकर स्टेशन ले आया। वहां काजल को बेंच पर लिटाकर वह 'डॉक्टर लाने' के बहाने फरार हो गया, जबकि मासूम बच्चे रातभर अपनी मां के जागने का इंतजार करते रहे।

पुलिस जांच और हत्या की आशंका

सुबह जब बच्चों के रोने की आवाज सुनकर भीड़ जमा हुई, तब मामले का खुलासा हुआ। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में काजल के गले पर निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर या फंदा लगाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अब फरार आरोपी मो. अंजार की तलाश में छापेमारी कर रही है और मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। बच्चों की गवाही और सीसीटीवी फुटेज इस गुत्थी को सुलझाने में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं।