Kulgam Attack : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, सीआरपीएफ जवानों पर हमले के मास्टरमाइंड लतीफ भट्ट समेत तीन आतंकवादियों को किया ढेर
Kulgam Attack : सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के मास्टरमाइंड समेत तीन आतंकवादियों को मार गिराया है। इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
N4N DESK : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़े ऑपरेशन के दौरान सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के मास्टरमाइंड समेत तीन आतंकवादियों को मार गिराया है। इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
क्या था पूरा मामला?
बीते 11 नवंबर को कुलगाम जिले में मीर बाजार के पास नाके पर तैनात सीआरपीएफ के जवानों पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने दोपहर करीब 2:15 बजे अचानक गोलीबारी कर दी थी। इस कायराना हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए थे। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरकर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया था।
सोमवार को हुई मुठभेड़
घायल जवानों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के साथ-साथ आरोपियों की धरपकड़ के लिए संयुक्त सुरक्षा बलों ने रविवार को तलाशी अभियान और तेज कर दिया था। इसी अभियान के तहत सोमवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने कुलगाम हमले के मुख्य साजिशकर्ता लतीफ भट्ट सहित कुल तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया। इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन की सीधी निगरानी के लिए जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात और कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सुजीत कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।
सर्दियों की चुनौतियों से निपटने के लिए सुरक्षाबल पूरी तरह तैयार: एडीजी संदीप खीरवार
आगामी हिमपात और सर्दियों के मौसम से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी संदीप खीरवार ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने पिछले वर्षों के अनुभवों से बहुत कुछ सीखा है। एडीजी खीरवार ने कहा, "हम समझते हैं कि मौसम में बदलाव हर साल होता है। हम सभी एजेंसियों, सुरक्षा बलों, प्रशासन, सरकार और जम्मू-कश्मीर की जनता के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हम संभावित परिस्थितियों का पहले से अनुमान लगाकर उसी के अनुरूप कार्रवाई करते हैं।" उन्होंने विश्वास जताया कि सुरक्षाबल हर चुनौती से निपटने में पूरी तरह सक्षम हैं और यदि क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बनी रही, तो जम्मू-कश्मीर के लोग और पूरा देश समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ेगा।