Ular Surya Mandir Chhath: भगवान भास्कर को अर्घ्य देने जुटे साढ़े चार लाख भक्त, प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था की हुई जमकर तारीफ

Chhath Puja 2026 News: उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो गया।पालीगंज स्थित ऐतिहासिक उलार सूर्य मंदिर में करीब 4.5 लाख श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।CCTV और और प्रशासन की मुस्तैदी में आयोजन शांतिपूर्ण रहा।

Ular Surya Mandir Chhath
छठ पूजा 2026, उलार सूर्य मंदिर छठ संपन्न - फोटो : Reporter

लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही अत्यंत हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। इस पावन अवसर पर पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हिन बाजार स्थित ऐतिहासिक उलार सूर्य मंदिर परिसर में आस्था का अद्भुत जनसैलाब देखने को मिला। मंदिर के पवित्र तालाब में लगभग साढ़े चार लाख श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


प्रशासन की मुस्तैदी: मौके पर कैंप करते रहे तमाम आला अधिकारी

पूरे महापर्व के दौरान जिला और अनुमंडल प्रशासन की ओर से सुरक्षा तथा यात्री सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पालीगंज एसडीएम चंदन कुमार, डीसीएलआर जनक कुमार, एसडीपीओ-1 राजीव चंद्र सिंह, एसडीपीओ-2 पंकज कुमार शर्मा और इंस्पेक्टर चंद्रिका प्रसाद स्वयं मेला परिसर में कैंप कर हर गतिविधि की निगरानी करते रहे।

सीसीटीवी से पैनी निगरानी और पुलिस की लगातार गश्त

मेला परिसर में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बिक्रम सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रिका प्रसाद, पालीगंज थानाध्यक्ष संतोष सिंह और दुल्हिन बाजार थानाध्यक्ष सोनू कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में गश्त लगाते रहे। इसके अतिरिक्त, कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी स्क्रीन के माध्यम से पूरे मंदिर परिसर और भारी भीड़ की हर हलचल पर पैनी नजर रखी गई।

चाक-चौबंद व्यवस्था से गदगद हुए श्रद्धालु: प्रशासन का जताया आभार

प्रशासन द्वारा की गई इस बेहतरीन और चाक-चौबंद व्यवस्था से दूर-दराज से आए छठ व्रती और स्थानीय नागरिक बेहद संतुष्ट नजर आए। श्रद्धालुओं ने घाट पर की गई साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जमकर सराहना करते हुए इसे अत्यंत सुविधाजनक बताया। महापर्व के इस सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए स्थानीय लोगों व व्रतियों ने जिला एवं अनुमंडल प्रशासन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

दुल्हिन बाजार से ऋषिकेश की रिपोर्ट