Bihar News : मुंगेर में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के गहने और संपत्ति पर किया हाथ साफ़
Bihar News :
MUNGER : मुंगेर में छठ पर्व के दौरान बंद घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। परिवार छठ मनाने जमुई गया हुआ था और इधर चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर घर में रखे शादी में मिले सोने-चांदी के जेवरात और कीमती कांसे के बर्तन लेकर फरार हो गए। घटना असरगंज थाना क्षेत्र के रहमतपुर बासा की है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल, रहमतपुर बासा निवासी साजन कुमार बिहार पुलिस में कार्यरत हैं और फिलहाल जमुई जिले में तैनात हैं। छठ पर्व मनाने के लिए उनकी पत्नी और बच्चे घर में ताला लगाकर जमुई गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया और घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए।
मंगलवार की सुबह जब परिवार के लोगों को घर के पीछे का ताला टूटा हुआ मिला तो अंदर जाकर देखा। घर के अंदर गोदरेज का सामान बिखरा पड़ा था, जबकि पलंग का बॉक्स भी खुला हुआ था। जांच करने पर पता चला कि चोर शादी में मिले सोने-चांदी के जेवरात और कांसे के बर्तन समेत लाखों रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो चुके हैं।
घटना की सूचना मिलते ही असरगंज थानाध्यक्ष विपुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से दो टूटे हुए ताले बरामद किए हैं। वहीं, चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जहां टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पीड़ित परिवार की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट