Bihar Crime:भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के पिता पर सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, मुख्यमंत्री के पास पहुंचा मामला

Bihar Crime: विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर समेत कुछ अन्य लोगों पर सरकारी और निजी जमीन के अलावा सड़क तथा सामूहिक श्राद्धस्थल की भूमि पर कब्जा करने का संगीन आरोप लगाया है।

Bihar Crime:भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर के पिता पर सरकारी जमीन

Bihar Crime: दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड की पोखरभिंडा पंचायत में जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर समेत कुछ अन्य लोगों पर सरकारी और निजी जमीन के अलावा सड़क तथा सामूहिक श्राद्धस्थल की भूमि पर कब्जा करने का संगीन आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने एकजुट होकर अंचलाधिकारी को सामूहिक आवेदन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री कार्यालय और सहयोग पोर्टल पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है।

ग्रामीणों के मुताबिक, तिवारी बाबा स्थान के समीप स्थित सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन पर निर्माण कराया गया है। इसके अलावा शनिनाथ मिश्र चौक से वाटरवेज तक जाने वाले सार्वजनिक रास्ते पर भी निर्माण किए जाने का आरोप है। इससे स्थानीय लोगों के आवागमन में परेशानी पैदा हो रही है। ग्रामीणों ने रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

वहीं, ग्रामीण गगन कुमार मिश्र ने आरोप लगाया कि उनकी करीब तीन कट्ठा जमीन में से 14 धूर भूमि पर कब्जा कर बाउंड्री बनाई जा रही है। इसी तरह रामउदार मिश्र ने अपनी 15 धूर जमीन पर कथित कब्जे और जमीन के बदले दूसरी भूमि अथवा मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की है। अन्य ग्रामीणों ने तालाब के नाले को भरने, मिट्टी की कटाई करने और रास्ता अवरुद्ध करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

मामले में प्रभारी अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि ग्रामीणों का सामूहिक आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। दोनों पक्षों को जनता दरबार में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इधर, विधायक मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर ने आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने संबंधित लोगों से जमीन खरीदी है। फिलहाल अंचलाधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर