Bihar News: छठ पर्व से पहले गुड़ फैक्ट्री पर छापा, 250 बोरी गुड़ जब्त, मिलावटखोरो में हड़कंप

Bihar News:आगामी छठ महापर्व को लेकर मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। ...

Kaimur Raid
गुड़ फैक्ट्री पर छापा- फोटो : reporter

Bihar News:आगामी छठ महापर्व को लेकर मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त तेवर अपना लिए हैं। इसी कड़ी में कैमूर मोहनिया की एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मोहनिया थाना क्षेत्र के बेलौड़ी गांव स्थित एक गुड़ फैक्ट्री में अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई से फैक्ट्री संचालक और कारोबारियों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था और लाइसेंस से जुड़ी कई संगीन अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद प्रशासन ने करीब 45-45 किलो वजन वाली 250 बोरियों में रखे गुड़ को जब्त कर लिया।

छापेमारी को लेकर एसडीएम रत्ना प्रियदर्शिनी ने बताया कि प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर गुड़ तैयार किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। जांच में पिछली कार्रवाई के मुकाबले कुछ सफाई जरूर मिली, लेकिन निर्धारित मानकों के मुताबिक अब भी कई खामियां बरकरार थीं। टीम ने पीले गुड़ और बाजार में बिक्री के लिए तैयार किए जा रहे गुड़ के नमूने भी संग्रहित किए हैं।

वहीं, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री में बेहद गंदे और अस्वास्थ्यकर माहौल में गुड़ का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। दस्तावेजों की जांच में खुलासा हुआ कि संचालक के पास गुड़ बनाने का वैध लाइसेंस नहीं है। वह मिठाई निर्माण के लाइसेंस पर गुड़ तैयार कर रहा था, जबकि उसका लाइसेंस भी पहले ही समाप्त हो चुका है।

फिलहाल जब्त गुड़ की सभी 250 बोरियों को फैक्ट्री परिसर में सील कर सुरक्षित रखवा दिया गया है। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट में गुड़ के नमूने फेल होने पर पूरे स्टॉक को नष्ट किया जाएगा। साथ ही संचालक पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई भी होगी। नमूने मानकों पर खरे उतरने के बाद ही एफएसएसएआई के नियमों के तहत बिक्री की इजाजत मिलेगी। त्योहार में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्ट- देव कुमार तिवारी