Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, स्वर्ण कारोबारी से हथियार के बल पर बड़ी लूट, दहशत फैलाने के लिए की कई राउंड फायरिंग

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है. वहीँ दहशत बनाने के लिए इलाके में कई राउंड फायरिंग की.......पढ़िए आगे

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, स्वर्
दिनदहाड़े लूट - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले में बेलगाम अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया इकबाल को चुनौती देते हुए एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। मुसहरी थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने एक स्वर्ण कारोबारी को अपना निशाना बनाया और हथियार के बल पर सोना व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से कई राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित कारोबारी 'सोनी ज्वेलर्स' के मालिक हैं। मंगलवार की देर शाम वे मुसहरी थाना क्षेत्र के नरौली स्थित अपनी दुकान को बंद कर रोजाना की तरह अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे मुसहरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवादा से मनिका को जाने वाली सुनसान सड़क पर पहुँचे, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने कारोबारी की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और उनके पास मौजूद सोने के जेवरात और नकदी से भरा बैग छीन लिया।

वारदात के दौरान अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए मौके पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते और मौके पर पहुँचते, अपराधी हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से फरार हो गए। पीड़ित कारोबारी के अनुसार, बैग में कीमती जेवरात और व्यापार के पैसे थे, जिनकी कुल कीमत काफी अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुसहरी थाना की पुलिस और एसडीपीओ ईस्ट-2 मनोज कुमार सिंह दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित कारोबारी से अपराधियों के हुलिए और भागने की दिशा के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोखे भी बरामद किए हैं। एसडीपीओ ने बताया कि आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी गई है।

मुजफ्फरपुर में स्वर्ण कारोबारियों पर लगातार हो रहे हमलों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही अपराधियों का जमावड़ा शुरू हो जाता है, जिससे आम लोगों और व्यापारियों का निकलना दूभर हो गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है, लेकिन घटना के घंटों बीत जाने के बाद भी अपराधियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। 

मणिभूषण की रिपोर्ट