Bihar News:सड़क पर गिट्टी-बालू गिराया तो खैर नहीं! प्रशासन का सख्त फरमान, अतिक्रमण करने वालों पर होगी कार्रवाई
Bihar News: बढ़ते ट्रैफिक के दबाव और रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है।
Bihar News: मुजफ्फरपुर शहर में बढ़ते ट्रैफिक के दबाव और रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। अब सड़क किनारे गिट्टी-बालू गिराकर रास्ता घेरने वालों की मनमानी नहीं चलेगी। निर्माण कार्य के नाम पर सरकारी जमीन और सड़क पर कब्जा जमाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई का फरमान जारी कर दिया है। बिना अनुमति सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखने वालों को अब अतिक्रमणकारी माना जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, मुजफ्फरपुर शहर में इन दिनों सड़क जाम की समस्या आम होती जा रही है। कई इलाकों में लोग अपने मकान या दुकान का निर्माण कराने के दौरान सड़क किनारे ही गिट्टी, बालू और अन्य निर्माण सामग्री गिरा देते हैं। कई बार निर्माण एजेंसियां भी सड़क के हिस्से पर सामग्री जमा कर देती हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और वाहनों के परिचालन में बाधा उत्पन्न होती है। नतीजतन, राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
इसी समस्या को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी आनंद उत्सव ने आदेश जारी किया है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बिना पूर्व अनुमति सड़क किनारे अथवा सरकारी जमीन पर गिट्टी-बालू गिराना अवैध अतिक्रमण की श्रेणी में आएगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने अपने निर्देश में साफ कर दिया है कि निर्माण कार्य का हवाला देकर सार्वजनिक रास्ते को बाधित करने की छूट किसी को नहीं मिलेगी। सड़क पर सामग्री जमा करने से आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। खासकर व्यस्त सड़कों पर ऐसी लापरवाही से जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। एंबुलेंस, स्कूली वाहनों और जरूरी सेवाओं को भी रास्ता मिलने में दिक्कत होती है।
जिला प्रशासन का मकसद शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाना, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करना और आम नागरिकों का सफर सुरक्षित व सुगम बनाना है। अब देखना होगा कि जारी आदेश के बाद सड़कों पर निर्माण सामग्री फैलाकर रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई किस स्तर पर होती है। फिलहाल प्रशासन के इस फरमान से ऐसे लोगों में सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा