Bihar Police: बिहार में बढ़ते अपराध और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस ने शहर भर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस महानिदेशक बिहार के निर्देशानुसार, मुजफ्फरपुर के सभी थाना क्षेत्रों में सुबह 6 बजे से यह अभियान चलाया जा रहा है।
मुजफ्फरपुर में रविवार की सुबह 6 बजे से 8 बजे तक विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जिले में बढ़ते अपराध को देखते हुए वरीय अधिकारियों के आदेश पर चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व स्वयं थाना अध्यक्ष कर रहे थे। सदर थाना क्षेत्र के कच्ची पक्की चौक पर सदर थाना अध्यक्ष अश्मित कुमार के नेतृत्व में कई पदाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल वाहन जांच अभियान में जुटे हुए थे।
इस दौरान सैकड़ों वाहनों की जांच की गई और दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए।सदर थाना अध्यक्ष अश्मित कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारी के आदेश के आलोक में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों वाहनों की जांच की गई है और दर्जनों वाहनों का चालान काटा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा