31 मई को सुपौल पहुंच रहे हजरत मौलाना अहमद वली फैसल रहमानी, विभिन्न धार्मिक और शैक्षणिक कार्यक्रमों में होंगे शामिल
Bihar News : इमारत-ए-शरिया बिहार, उड़ीसा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के अमीर-ए-शरीयत मौलाना फैसल वली रहमानी सुपौल दौरे पर आने वाले है। रहमानी अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त शिक्षाविद् हैं....
Supaul : इमारत-ए-शरिया बिहार, उड़ीसा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के अमीर-ए-शरीयत एवं खानकाह रहमानी के सज्जादा नशीं हजरत मौलाना अहमद वली फैसल रहमानी 31 मई को सुपौल पहुंच रहे हैं। वे यहां विभिन्न धार्मिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। उनके इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां बड़े पैमाने पर और जोर-शोर से चल रही हैं। इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों और संस्था से जुड़े कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
धार्मिक के साथ सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी है इमारत-ए-शरिया
इमारत-ए-शरिया के सुपौल जिला सचिव सह समाजसेवी मोहम्मद जमालुद्दीन ने संस्था के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह सिर्फ एक धार्मिक संस्था नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभाती है। संस्था द्वारा गरीब परिवारों की आर्थिक मदद, जरूरतमंद बेटियों की शादी, मेधावी व वंचित छात्रों को स्कॉलरशिप देने के साथ-साथ आगलगी और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के समय पीड़ितों के बीच राहत सामग्री और हर संभव सहायता समय-समय पर पहुंचाई जाती है।
कुसहा त्रासदी में संस्था के सेवा भाव को किया याद
मोहम्मद जमालुद्दीन ने सुपौल के इतिहास की सबसे बड़ी आपदाओं में से एक 'कुसहा त्रासदी' का जिक्र करते हुए कहा कि उस कठिन समय में भी इमारत-ए-शरिया ने कई महीनों तक लगातार कैंप कर पीड़ित परिवारों को हर जरूरी सहायता और राहत उपलब्ध कराई थी। उन्होंने बताया कि इसी सेवाभावी संस्था के प्रमुख मौलाना फैसल वली रहमानी का आगामी कार्यक्रम सुपौल जिला के सदर प्रखंड के अलावा किशनपुर एवं छातापुर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और मदरसों में आयोजित होना तय हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के शिक्षाविद् और स्कॉलर हैं मौलाना फैसल रहमानी
गौरतलब है कि अमीर-ए-शरीयत मौलाना फैसल वली रहमानी अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त शिक्षाविद् हैं। उन्होंने अमेरिका के प्रतिष्ठित कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की और इसके बाद कई वर्षों तक वहीं अध्यापन का कार्य भी किया। इसके अलावा उन्होंने विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNCs) में बतौर प्रबंधक (मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान समय में वे विश्व पटल पर एक प्रख्यात इस्लामिक स्कॉलर की हैसियत से अलग-अलग देशों में भारत का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व करते हैं।
वरिष्ठ नेता और कमेटी सदस्य करेंगे कार्यक्रम स्थलों का दौरा
सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जिला सचिव जमालुद्दीन ने जानकारी दी कि तैयारियों का जायजा लेने और व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए इमारत-ए-शरिया के मजलिस-ए-शूरा के माननीय सदस्य मोहम्मद एहसानुल हक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिन्नत रहमानी खुद कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर निरीक्षण करेंगे, ताकि वीआईपी मूवमेंट और कार्यक्रमों के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट