754 वाहनों पर 63.77 लाख का जुर्माना, एम्बुलेंस और टोटो पर भी गाज : सघन वाहन जांच अभियान से मचा हड़कंप

नवादा जिले में परिवहन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। परिवहन विभाग ने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए लगातार 8 दिनों तक अभियान चलाकर बड़ी संख्या में वाहनों का चालान काटकर तकरीबन 64 लाख रुपये जुर्माना लगाया है....

 754 वाहनों पर 63.77 लाख का जुर्माना, एम्बुलेंस और टोटो पर भ
नवादा में सघन वाहन जांच अभियान से हड़कंप- फोटो : रिपोर्टर

Nawada : जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए परिवहन विभाग की ओर से चलाए गए विशेष जांच अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। 27 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक चले इस 8 दिवसीय अभियान में अनियमितता पाए जाने पर कुल 754 वाहनों पर 63 लाख 77 हजार 448 रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है।


DM रवि प्रकाश के निर्देश पर कार्रवाई, नाबालिग चालकों पर लगा 91 हजार का चालान

जिलाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश और जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) रंजीत कुमार के नेतृत्व में जिले भर में यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के तीन मामले सामने आने पर उनके खिलाफ 91,000 रुपये का चालान काटा गया। वहीं, बिना रजिस्ट्रेशन और वैध कागजात के सड़कों पर दौड़ रहे 178 टोटो, ई-रिक्शा और टेम्पो पर करीब 13.50 लाख रुपये का जुर्माना ठोका गया।


लापरवाही बरतने वाली 21 सरकारी एम्बुलेंस पर भी गिरी गाज

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी वाहन भी अछूते नहीं रहे। स्वास्थ्य केंद्रों की 21 एम्बुलेंस में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 78,975 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसमें एक एम्बुलेंस पर अकेले 28,975 रुपये की कार्रवाई शामिल है। इससे पूर्व भी विभाग द्वारा 12 एम्बुलेंसों पर 52,317 रुपये का फाइन लगाया जा चुका है।


नेशनल हाइवे और रजौली चेक पोस्ट समेत कई प्रमुख स्थलों पर हुई जांच

यह सघन जांच अभियान नवादा शहर सहित रजौली चेक पोस्ट, हिसुआ, वारिसलीगंज, रोह तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के विभिन्न रणनीतिक स्थानों पर चलाया गया। इस दौरान मुख्य रूप से बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल और वाहनों के फिटनेस व इंश्योरेंस जैसे आवश्यक कागजातों की बारीकी से पड़ताल की गई।


नियमों का पालन करने की अपील, भविष्य में भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी वाहन चालकों से दोपहिया पर दोनों सवारियों को हेलमेट पहनने, चारपहिया में सीट बेल्ट लगाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग न करने की अपील की है। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले और ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ यह प्रशासनिक अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


अमन की रिपोर्ट