Bihar Crime: अधिकारी गाड़ी में नहीं, फिर भी सरकारी बोर्ड लगाकर सड़क पर दौड़ रही स्कॉर्पियो, धौंस जमाने के लिए गलत दिशा से वाहन प्रवेश कराने के कारण लगा जाम

Bihar Crime: नवादा में सरकारी व्यवस्था और यातायात नियमों को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Bihar Crime:  अधिकारी गाड़ी में नहीं, फिर भी सरकारी बोर्ड लग
सरकारी बोर्ड लगी स्कॉर्पियो पर सवाल- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा में सरकारी व्यवस्था और यातायात नियमों को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के प्रसाद बिगहा इलाके में बिहार सरकार और वाणिज्य कर विभाग, नवादा अंचल का बोर्ड लगी एक स्कॉर्पियो गलत दिशा से सड़क पर प्रवेश करती नजर आई। आरोप है कि वाहन में संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं थे, इसके बावजूद सरकारी पदनाम का बोर्ड लगाकर गाड़ी सड़क पर दौड़ाई जा रही थी। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस पूरे घटनाक्रम ने सरकारी वाहनों के इस्तेमाल और यातायात नियमों के पालन को लेकर नई बहस छेड़ दी है। सवाल उठ रहा है कि जब गाड़ी में संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं थे, तो फिर सरकारी पदनाम का बोर्ड लगाकर वाहन चलाने की क्या जरूरत थी? क्या सरकारी पहचान वाले बोर्ड का इस्तेमाल नियमों से बचने या सड़क पर विशेष सुविधा हासिल करने के लिए किया जा रहा था? हालांकि, इस संबंध में विभाग की ओर से आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है।

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, जब वाहन का वीडियो बनाया जाने लगा तो चालक ने कथित तौर पर तुरंत गाड़ी की फॉग लाइट जला दी। इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों का सवाल है कि आम नागरिकों के गलत दिशा में वाहन चलाने पर यातायात पुलिस चालान काटती है और कार्रवाई करती है, तो सरकारी विभाग का बोर्ड लगी गाड़ी के मामले में प्रशासन का रुख क्या होगा?

नियमानुसार सरकारी पदनाम और पहचान चिह्नों का इस्तेमाल निर्धारित नियमों एवं सरकारी प्रोटोकॉल के तहत होना चाहिए। ऐसे में संबंधित विभाग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि अधिकारी की गैरमौजूदगी में इस बोर्ड के साथ वाहन का इस्तेमाल किस अनुमति से किया जा रहा था।

अब निगाहें जिला प्रशासन और यातायात पुलिस पर टिकी हैं। क्या स्कॉर्पियो के दस्तावेज, सरकारी बोर्ड के इस्तेमाल और चालक की भूमिका की जांच होगी? क्या गलत दिशा से वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई की जाएगी? आम लोगों से यातायात नियमों के पालन की उम्मीद करने वाले प्रशासन को इन सवालों का जवाब देना होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस मामले में जांच और कार्रवाई होती है या फिर सरकारी गाड़ी से जुड़े ये सवाल फाइलों में ही दबकर रह जाते हैं।

रिपोर्ट- अमन कुमार