Bihar News:शिवहर में नवजात बेटी को अस्पताल में छोड़ फरार हुई कलयुगी मां, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने दिया नया आश्रय

Bihar News: शिवहर जिले से ममता और मानवीय संवेदना को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है।...

Newborn Girl Abandoned in Sheohar
नवजात बेटी को अस्पताल में छोड़ फरार हुई कलयुगी मां- फोटो : reporter

Bihar News: शिवहर जिले से ममता और मानवीय संवेदना को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में एक महिला ने नवजात बच्ची को जन्म देने के बाद उसे वहीं बेसहारा छोड़ दिया और बिना किसी को सूचना दिए फरार हो गई। जन्म के कुछ ही समय बाद मां से बिछुडी मासूम की स्थिति ने अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। हालांकि, समय रहते जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए बच्ची की सुरक्षा और देखभाल का प्रबंध कर दिया।

मामले की जानकारी मिलते ही जिला अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ललन कुमार रजक ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को अस्पताल पहुंचकर नवजात को सुरक्षित संरक्षण में लेने का निर्देश दिया। इसके बाद प्राधिकार कार्यालय के यूडीसी रूपेश कुमार बिना विलंब किए मातृ-शिशु अस्पताल पहुंचे और बच्ची को अपने संरक्षण में लिया। साथ ही शिवहर थाना प्रभारी को घटना से अवगत कराते हुए फरार महिला की तलाश और नियमानुसार कार्रवाई के लिए सूचना दी गई।

इसके बाद अस्पताल प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और विधिक सेवा प्राधिकार के बीच समन्वय स्थापित कर बच्ची को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, शिवहर भेज दिया गया। अब इसी संस्थान में मासूम की देखभाल, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई जाएगी। साथ ही दत्तक ग्रहण से संबंधित निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाएगा।

इस पूरी कार्रवाई में एएनएम रागिनी कुमारी, प्रबंधक स्नेहा कुमारी, पीएलवी मुकेश कुमार और विपिन कुमार सहित अन्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शोभना कुमारी ने बताया कि नवजात के स्वास्थ्य और समुचित देखभाल को लेकर जरूरी व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, महिला की पहचान और तलाश के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल बच्ची सुरक्षित है और संस्थान की निगरानी में है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की तत्परता की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। इस पहल ने यह संदेश दिया है कि संकट में फंसे मासूमों की सुरक्षा समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है।

रिपोर्ट- मनोज कुमार