LATEST NEWS

नवादा को सीएम नीतीश ने दी 211 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात, 202 योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के क्रम में सोमवार को नवादा किया. जिले के लिए इस दौरान 211 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी.

 Pragati Yatra
Pragati Yatra Nawada- फोटो : news4nation

 Bihar News : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने  सोमवार को प्रगति यात्रा के क्रम में नवादा जिले के रजौली प्रखंड के बहादुरपुर ग्राम पंचायत के करिगांव ग्राम में बने कृषि फार्म में आयोजित कार्यक्रम स्थल से 211.96 करोड़ की कुल 202 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इसमें 138.06 करोड़ रुपये की 142 योजनाओं का उद्घाटन और 73,89 करोड़ रुपये की 60 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।


 उन्होंने नवादा जिला में विभिन्न जगहों पर विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोविंदपुर प्रखंड के गोविंदपुर-रोह पथ में सकरी नदी पर उच्चस्तरीय आर०सी०सी० पुल के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने रजौली प्रखंड के बाहदुरपुर पंचायत के करिगांव ग्राम के कृषि फॉर्म में बने कार्यक्रम स्थल पर डिग्री कॉलेज, करिगांव के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को डिग्री कॉलेज के निर्माण से संबंधित रेखा चित्र के माध्यम से जानकारी दी।


इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, समाज कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग आदि के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, स्टार्टअप योजना, मुख्यमंत्री निःशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति (अत्याचार) निवारण अधिनियम, आयुष्मान कार्ड और बासगीत पर्चा के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग जनों को ट्राई साइकिल की चाबी भी वितरित की। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों को 2 करोड़ 56 लाख रुपये के 128 लाभार्थी को सांकेतिक चेक प्रदान किया।


जीविका दीदियों ने सरकार की पहल को सराहा 

मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों द्वारा जीविकोपार्जन हेतु की जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने 13 हजार 112 स्वयं सहायता समूह को 170 करोड़ रुपये, 6340 स्वयं सहायता समूह को 15 करोड़ 25 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने संरक्षित कृषि योजना के लाभुक को 18 लाख 75 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। साथ ही जीविका दीदियों के स्टॉल पर लगाए गए विभिन्न उत्पादों को देखा और जीविका दीदियों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में जब हमलोगों को बिहार में काम करने का मौका मिला तो हमने देखा कि यहां स्वयं सहायता समूह की संख्या नाम मात्र की है। हमलोगों ने विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूह की संख्या बढ़ानी शुरू की। हमने ही स्वयं सहायता समूह का नाम 'जीविका' दिया जिससे प्रेरित होकर तत्कालीन केंद्र सरकार ने इसका नाम 'आजीविका' किया। हमने जीविका से जुड़ी महिलाओं को 'जीविका दीदी' नाम दिया। शहरी क्षेत्रों में भी स्वयं सहायता समूह का विस्तार किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन रही हैं। इससे बिहार की महिलाओं की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आया है। उनका पहनावा और बोलचाल भी काफी अच्छा हो गया है। वे लोगों से बेहिचक होकर बातें करने लगी हैं। मैं आप सभी जीविका दीदियों को बेहतर कार्य करने के लिए बधाई देता हूं, आपलोग बहुत आगे बढ़ें, खूब तरक्की करें। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि आपकी बदौलत हमलोगों का जीवन सुघरा है, हमलोगों को नई पचहान मिली है। हमलोगों की पारिवारिक और सामाजिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है। यह सब आपकी देन है।


कई योजनाओं की सौगात 

मुख्यमंत्री ने नूतन नवादा के प्रस्तावित मॉडल का अवलोकन किया और रिमोट के माध्यम से इसे लांच किया। नूतन नवादा के तहत एक ही जगह पर विभिन्न संस्थानों का निर्माण किया जाएगा। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने 8 लाख 77 हजार 296 रुपये लागत की ग्राम पंचायत माखर के रुनीपुर में खेल मैदान का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उ‌द्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने खेल परिसर के सौंदर्गीकरण कार्य का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुब्बारा उड़ाया और खिलाड़ियों को फूटबॉल, बॉस्केट बॉल प्रदान कर खेल की शुरुआत करायी। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्द्धन किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ग्राम पंचायत माखर, हुड़राही के नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। साथ ही छठ घाट, अपशिष्ट प्रबंधन इकाई एवं पुस्तकालय का भी उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात् मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पंचायत सरकार भवन अच्छा बना है। एक ही छत के नीचे इस पंचायत के लोगों को सारी सुविधाएं मिलेंगी। छठ घाट के निर्माण होने से यहां के छठ व्रतियों को काफी सहूलियत होगी।


नवादा बाईपास का स्थल निरीक्षण

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने प्रखंड नवादा सदर में एन०एच०-20 (बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन) के 97 कि०मी० पर प्रस्तावित नवादा बाईपास का स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य के संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि एन०एच०0-20 के 97 कि०मी० से कादिरगंज सकरी नदी (एस०एच०-08) तक बाईपास सड़क-सह- सादिपुर रेलवे हाल्ट के पास रेलवे क्रॉसिंग पर आर०ओ०बी० का निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके लिए प्राक्कलित राशि 181.62 करोड़ रुपये होगी। सकरी नदी पर गोविंदपुर-रोह रोड के गोविंदपुर ब्लॉक के पास 20 गुणा 27.8 मीटर आकार का उच्च स्तरीय आर०सी०सी० का निर्माण कार्य किया जाएगा उसकी प्राक्कलित राशि 54.83 करोड़ रुपए होगी।

अमन की रिपोर्ट

Editor's Picks