Bihar News: बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग ने 10 पशुपालन अधिकारियों का तबादला किया है। जमुई के जिला पशुपालन अधिकारी डॉ. राकेश कुमार कुमुद को बेगूसराय भेजा गया है, जबकि पटना के पशुपालन अधिकारी डॉ. अरुण कुमार का स्थानांतरण सुपौल कर दिया गया है। बाढ़ के अवर प्रमंडल अधिकारी डॉ. विनय कुमार को जहानाबाद का जिला पशुपालन अधिकारी बनाया गया है। सारण के पशु शल्य चिकित्सक डॉ. उज्ज्वल कुमार को जमुई का जिला पशुपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं बांका के पशु शल्य चिकित्सक डॉ. इंतेखाब अख्तर को दरभंगा का जिला पशुपालन अधिकारी बनाया गया है।
तबादले से अधिकारियों में नाराजगी
शिवहर के अवर प्रमंडल पशुपालन अधिकारी डॉ. कमलेश प्रसाद सिंह को कैमूर का पशुपालन अधिकारी बनाया गया है। जिला पशुपालन अधिकारी डॉ. सुधेन्दु को विशेष उप निदेशक, मुजफ्फरपुर नियुक्त किया गया है। कैमूर के जिला पशुपालन अधिकारी को पूर्णिया स्थानांतरित किया गया है। इसके अलावा, पशु चिकित्सक डॉ. राजकपूर को सासाराम में पशु चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है, जबकि गोपालगंज के अवर प्रमंडल पशुपालन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार को बाढ़ का अवर प्रमंडल पशुपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
हाईकोर्ट में याचिका दायर
इनमें से चार अधिकारियों का तबादला सात महीने, डेढ़ साल, सात महीने और चार महीने की अवधि में किया गया है। इस फैसले के खिलाफ पटना के पशुपालन अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। उनका कहना है कि बिना किसी आरोप के स्थानांतरण किया गया है, जो नियमों के खिलाफ है। अधिकारियों के अनुसार, 8 अक्टूबर 2010 के सरकार के परिपत्र संख्या 881 के तहत सरकारी सेवकों का तबादला सामान्य रूप से तीन साल बाद किया जाना चाहिए। किसी पद विशेष के लिए यह अवधि दो वर्ष भी हो सकती है, यदि विभाग द्वारा स्थायी आदेश जारी किया गया हो।