बिहार के इस जिले में आए 168 पाकिस्तानी नागरिक, विधानसभा में अवैध विदेशी नागरिकों के मुद्दे पर गृह मंत्री का बड़ा ऐलान

मिथिलेश तिवारी ने बताया कि वर्ष 1990 से 2015 के बीच 173 विदेशी नागरिक धार्मिक यात्रा के उद्देश्य से गोपालगंज पहुंचे थे. उन्होंने यहां तेजी से अवैध नागरिकों के बढ़ने की ओर इशारा किया.

 illegal foreign nationals in Bihar
illegal foreign nationals in Bihar- फोटो : news4nation

Bihar Vidhansabha : बिहार विधानसभा के प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी ने राज्य में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्रा के बहाने कुछ विदेशी नागरिक बिहार आते हैं और बाद में अवैध रूप से भारतीय नागरिकता से जुड़े दस्तावेज हासिल कर लेते हैं।


मिथिलेश तिवारी ने बताया कि वर्ष 1990 से 2015 के बीच 173 विदेशी नागरिक धार्मिक यात्रा के उद्देश्य से गोपालगंज पहुंचे थे, जबकि जिले में थावे मंदिर के अलावा कोई बड़ा धार्मिक स्थल नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से कई लोग आज गोपालगंज में आलीशान मकान बनाकर रह रहे हैं और उनके नाम वोटर आईडी तथा आधार कार्ड में भी दर्ज हैं, जबकि स्थानीय लोगों को यह तक पता नहीं है कि वे मूल रूप से कहां के निवासी हैं।


इस पर गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने सदन को जानकारी दी कि बताए गए 173 लोगों में से करीब 168 पाकिस्तान से आए थे, जबकि कुछ अन्य ब्रिटेन और कजाकिस्तान से भी आए थे। गृह मंत्री ने कहा कि यदि इन लोगों के अवैध रूप से रहने या इससे अपराध बढ़ने की आशंका है, तो सरकार इस पूरे मामले की जांच कराएगी।


नया जिला बनाने की कोई योजना नहीं

बिहार विधानसभा में सरकार ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल राज्य में किसी भी नए जिले का गठन नहीं किया जाएगा। मंत्री विजय चौधरी ने सदन में बताया कि इस संबंध में सरकार के पास अभी कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। यह जानकारी उन्होंने पारू से विधायक शंकर प्रसाद द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में दी। मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में प्रशासनिक ढांचे में नए जिले जोड़ने को लेकर सरकार की कोई योजना नहीं है।