Bihar News: 2021 कस्टडी केस में सियासी भूचाल, IPS सुनील नायक को नोटिस, उपाध्यक्ष रघुरमा कृष्ण राजू की हत्या की साज़िश का आरोप
Bihar News: आंध्रप्रदेश के मौजूदा विधानसभा उपाध्यक्ष के. रघुरमा कृष्ण राजू की जान लेने के कथित प्रयास के मामले में बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी सुनील नायक को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है।
Bihar News: आंध्र की सियासत में एक बार फिर पुराना ज़ख्म हरा हो गया है। राज्य पुलिस ने बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी सुनील नायक को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। मामला मौजूदा विधानसभा उपाध्यक्ष के. रघुरमा कृष्ण राजू की जान लेने के कथित प्रयास से जुड़ा है, जिसकी जड़ें साल 2021 तक जाती हैं।
उस वक्त रघुरमा कृष्ण राजू नरसापुरम से सांसद थे और उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी तथा उनकी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणियां की थीं। इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया और सीआईडी की टीम हैदराबाद पहुंचकर उन्हें उनके आवास से गिरफ्तार कर गुंटूर स्थित सीआईडी कार्यालय ले गई।
राजू का आरोप है कि हिरासत के दौरान उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और सत्ता के इशारे पर उन्हें ख़त्म करने की साज़िश रची गई। उन्होंने दावा किया कि यह महज़ कानूनी कार्रवाई नहीं, बल्कि सियासी इंतकाम था। इसी सिलसिले में जुलाई 2024 में उन्होंने गुंटूर पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी, तत्कालीन सीआईडी प्रमुख पीवी सुनील कुमार, पूर्व खुफिया प्रमुख पीएसआर अंजनेयुलु, पूर्व सीआईडी अतिरिक्त एसपी विजय पॉल और गुंटूर सरकारी जनरल अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रभावाती के खिलाफ केस दर्ज किया। अब आईपीएस सुनील नायक को नोटिस जारी होने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां 2021 की गिरफ्तारी, मेडिकल रिपोर्ट और हिरासत में कथित प्रताड़ना के सभी पहलुओं की तफ्तीश कर रही हैं। सियासी गलियारों में इसे बड़े टकराव की आहट माना जा रहा है। फिलहाल सभी की निगाहें जांच की दिशा और संभावित कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं, जो आने वाले दिनों में आंध्र की राजनीति में नया तूफ़ान खड़ा कर सकती है।
रिपोर्ट- अनिल कुमार