Patna Road Accident: पटना जान बचाने वाले एंबुलेंस ने ले ली जान , हादसे में महिला-ड्राइवर की मौत, तीन की हालत गंभीर
Patna Road Accident:पटना में रफ्तार का कहर कम नहीं हो रहा है।....
Patna Road Accident:पटना में रफ्तार का कहर कम नहीं हो रहा है। आज बाढ़ में एम्बुलेंस भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक महिला और एम्बुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
मिली सूचना के मुताबिक, सभी लोग पटना में इलाज कराने के बाद एम्बुलेंस से पूर्णिया लौट रहे थे। इसी दौरान अथमलगोला फोर लेन पर एम्बुलेंस अचानक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को खबर दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया। गंभीर रूप से जख्मी तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतकों में एम्बुलेंस चालक की पहचान की पुष्टि की जा रही है, जबकि महिला यात्री की शिनाख्त परिजनों के आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की असली वजह तफ्तीश के बाद ही साफ होगी। परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
इस दर्दनाक वाकये ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाज से लौट रहे लोगों की यह सफर-ए-वापसी मौत की मंज़िल बन गई, जिससे इलाके में ग़म और सन्नाटा पसरा हुआ है।
रिपोर्ट- रविरंजन कुमार