Bihar News : बिहार के विकास मॉडल से रूबरू हुए 2024 बैच के IAS अधिकारी, जीविका, मनरेगा और पीएम आवास जैसी योजनाओं की दी गई जानकारी
Bihar News : 2024 बैच के ट्रेनी आईएएस बिहार के विकास मॉडल से रूबरू हुए. जहाँ उन्हें मनरेगा और पीएम आवास जैसी योजनाओं की जानकारी दी गयी.......पढ़िए आगे
PATNA : भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2024 बैच के परीक्ष्यमान पदाधिकारियों को पटना स्थित जीविका कार्यालय के सभागार में ट्रेनिंग दी गई। ट्रेनिंग में इन पदाधिकारियों को प्रशासनिक सेवा संबंधी बारीकियों से रूबरू कराया गया। कार्यक्रम में जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने कहा कि वर्ष 2047 के विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में आज समूह की दीदियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। दीदियों के हाथों तैयार होने वाले उत्पाद, उनकी गुणवत्ता और बाजार की उपलब्धता की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बिहार में एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है। इस राशि से अधिकांश महिलाओं ने खुद का रोजगार शुरू भी कर लिया है। राज्य में महिलाएं खुद की मेहनत और सरकार के सहयोग से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से अग्रसर हैं।
फ्यूचर एडमिनिस्ट्रेटर्स को मिला ग्राउंड ट्रेनिंग
शर्मा ने प्रशिक्षु पदाधिकारियों को लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (एलएसबीए) के क्रियान्वयन और उससे सुनिश्चित ग्रामीण स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं से रूबरू कराया।
फील्ड की समझ के साथ तैयार हो रहे नए आईएएस
इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संयुक्त सचिव रवि कुमार ने कहा कि वर्ष 2016-17 से 2021-22 के बीच गरीबों के लिए आवास निर्माण के मामले में बिहार पूरे देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण की जियो टैगिंग कराए जाने के बाद योजना की रफ्तार की और तेजी से बढ़ेगी। इस अवसर पर विशेष कार्यपदाधिकारी रेणु कुमारी ने विभागीय संरचना, प्रशाखाओं की संख्या, प्रशाखाओं की कार्य विवरणी आदि से प्रशिक्षु पदाधिकारी को अवगत कराया।
अधिकारी ने दी जानकारी
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के मुख्य परिचालन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह और राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी अनिश रंजन राय ने क्रियान्वित होने वाली योजनाओं की जानकारी दी। जल-जीवन-हरियाली अभियान के मिशन निदेशक सुमित कुमार, सामाजिक अंकेक्षण सोसायटी के निदेशक विनय कुमार ओहदार ने विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।