Patna Nagar Nigam: तीन कर्मी बर्ख़ास्त, पटना नगर निगम की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप, इस मामले में पकड़े गए थे सरकारी कर्मचारी

Patna Nagar Nigam: पटना नगर निगम ने अपने तीन कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है।..

Patna Nagar Nigam
पटना नगर निगम के तीन कर्मी बर्ख़ास्त- फोटो : social Media

Patna Nagar Nigam: पटना से सियासी गर्मी के बीच एक बड़ा प्रशासनिक कदम सामने आया है। पटना नगर निगम ने आदर्श आचार संहिता  के उल्लंघन के मामले में अपने तीन कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है। ये वही कर्मचारी हैं जो बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान एक राजनीतिक पार्टी के प्रत्याशी के साथ चुनाव प्रचार करते हुए कैमरे में क़ैद हो गए थे।

नगर निगम की ओर से जिन कर्मचारियों को बर्ख़ास्त किया गया है, उनमें बांकीपुर अंचल के मानदेय कर संग्राहक एवं अतिक्रमण प्रभारी सुधीर कुमार, मानदेय कर संग्राहक और प्रभारी सहायक प्रवीण कुमार, तथा राजीव रंजन सिंह शामिल हैं। तीनों पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी सेवा में रहते हुए राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लिया, जो कि आदर्श आचार संहिता का सीधा उल्लंघन है।

सूत्रों के मुताबिक, तीनों कर्मियों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला नगर निगम के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया। इसके बाद नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को 26 अक्टूबर को नोटिस जारी किया और 48 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया।

हालांकि, नगर आयुक्त को तीनों का जवाब असंतोषजनक और गोलमोल लगा। जिसके बाद उन्होंने आदेश जारी कर कहा कि जब संपूर्ण बिहार राज्य में 6 अक्टूबर से आदर्श आचार संहिता प्रभावी है, तब किसी सरकारी सेवक का चुनाव प्रचार में शामिल होना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि उसकी सरकारी हैसियत और मर्यादा के भी विपरीत है।

इसी आधार पर तीनों कर्मियों की मानदेय नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।नगर निगम की इस कार्रवाई ने साफ़ संदेश दे दिया है कि प्रशासन चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन पर सख़्त रुख़ अपनाए हुए है।