बिहार पुलिस के विशेष समकालीन अभियान में 8,414 वाहनों की जांच, 1.02 करोड़ का जुर्माना और 171 वांछित गिरफ्तार
Patna : बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार राज्य के सभी जिलों में पुलिस अधीक्षक (SP) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) पदाधिकारियों के नेतृत्व में एक विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना और यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराना था।
8,414 वाहनों की गहन चेकिंग, 7,755 वाहनों पर ठोका गया जुर्माना
सघन चेकिंग अभियान के तहत राज्यभर में कुल 8,414 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7,755 वाहनों का चालान काटा गया, जिससे कुल 1 करोड़ 2 लाख 19 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।
171 वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 171 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही, शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब भी जब्त की गई।
28 अवैध हथियार बरामद, आपराधिक साजिशें नाकाम
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से 28 अवैध आर्म्स (हथियार) बरामद किए। इस त्वरित कार्रवाई से राज्य में कई संभावित आपराधिक घटनाओं को समय रहते टालने में मदद मिली है।
रंजीत की रिपोर्ट