Bihar Police: बिहार के ये 9 IPS अफसर मिड-करियर ट्रेनिंग के लिए जाएंगे हैदराबाद, नेतृत्व से लेकर कानून-व्यवस्था तक निखरेगी काबिलियत

Bihar Police:बिहार पुलिस के नौ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को प्रतिष्ठित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी हैदराबाद में आयोजित 28वें मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम फेज-III के लिए नामित किया गया है।...

9 Bihar IPS Officers Nominated for Hyderabad Police Training
बिहार के 9 IPS अफसर जाएंगे हैदराबाद- फोटो : reporter

Bihar Police:बिहार पुलिस के नौ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को प्रतिष्ठित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी  हैदराबाद में आयोजित 28वें मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम  फेज-III के लिए नामित किया गया है। गृह विभाग की ओर से जारी नामांकन के मुताबिक यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक चलेगा। प्रशिक्षण का मकसद अधिकारियों की नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता, आधुनिक अन्वेषण तकनीकों और कानून-व्यवस्था प्रबंधन से जुड़ी विशेषज्ञता को और धार देना है।

गृह विभाग के अपर सचिव दीपक कुमार ने अकादमी के उप निदेशक (MCTP) डॉ. श्रीनिवास ए. को पत्र भेजकर बिहार कैडर के इन अधिकारियों के नाम की जानकारी दी है। यह प्रक्रिया राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के 3 अगस्त 2026 के पत्र के संदर्भ में पूरी की गई है।

नामित अधिकारियों में 2007 बैच के विवेक कुमार शामिल हैं, जो वर्तमान में पुलिस महानिरीक्षक, पूर्वी क्षेत्र, भागलपुर के पद पर तैनात हैं। 2013 बैच के राजेश कुमार आर्थिक अपराध इकाई, बिहार के पुलिस अधीक्षक हैं। वहीं 2016 बैच के किरण कुमार गोरख जाधव राज्यपाल सचिवालय में राज्यपाल के परिरक्षक (पुलिस) के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

इसके अलावा 2017 बैच के अभिषेक राहुल, सहायक निदेशक, बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर और अमृतेश शेखर ठाकुर, पुलिस अधीक्षक, केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), पटना को भी प्रशिक्षण के लिए चुना गया है। 2018 बैच के हरि शंकर कुमार पुलिस अधीक्षक, रेल, कटिहार और मनीष कुमार सिन्हा समादेशक, अशोकहरि विशेष सशस्त्र पुलिस, आरा के पद पर कार्यरत हैं।

सूची में रामानन्द कुमार कौशल, पुलिस अधीक्षक, विशेष निगरानी इकाई, बिहार और अंजनी कुमार, पुलिस अधीक्षक (अभियान), विशेष कार्य बल, बिहार भी शामिल हैं। दोनों 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।

MCTP का यह चरण आईपीएस अधिकारियों के करियर के मध्य दौर में उनकी पेशेवर क्षमता को और मजबूत करने के लिए आयोजित किया जाता है। प्रशिक्षण के दौरान नेतृत्व, रणनीतिक निर्णय, प्रशासन, जांच और बदलती चुनौतियों से निपटने जैसे विषयों पर जोर दिया जाता है। विभिन्न राज्यों के अधिकारी एक मंच पर अनुभव साझा करते हैं, जिससे नई कार्यशैली और रणनीतियों से सीखने का अवसर मिलता है।

बिहार के इन नौ अधिकारियों का नामांकन ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम में हुआ है, जिससे राज्य पुलिस के वरिष्ठ अफसरों को बदलते दौर की पुलिसिंग और प्रशासनिक चुनौतियों से निपटने में नई दृष्टि और कौशल हासिल करने का अवसर मिलेगा।

कुलदीप भारद्वाज की स्पेशल रिपोर्ट