Bihar Politics: दही चूड़ा भोज से गरमाई बिहार की सियासत, कांग्रेस के एक भी विधायक ने नहीं किया शिरकत, पार्टी के टूट की अटकलें तेज
Bihar Politics: कांग्रेस ने दही चूड़ा भोज का आयोजन तो किया लेकिन उनकी पार्टी के 6 विधायक ही भोज में शामिल नहीं हुए। जिसके बाद सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी में टूट हो सकती है।
Bihar Politics: बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी अनुसार बिहार कांग्रेस में टूट के संकेत मिल रहे हैं। कांग्रेस के सभी विधायकों ने पार्टी से दूरी बना ली है। दरअसल, सोमवार को कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में परंपरागत दही चूड़ा भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आमंत्रण दिया गया लेकिन पार्टी के 6 विधायक दही चूड़ा भोज में शामिल नहीं हुए। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस के सभी विधायक पार्टी से नाता तोड़ सकते हैं अगर ऐसा होता है तो यह कांग्रेस के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं होगी।
कांग्रेस में टूट?
जानकारी अनुसार मकर संक्रांति के अवसर पर कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में परंपरागत दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए, हालांकि पार्टी के सभी छह विधायक इस आयोजन से दूरी बनाए नजर आए। दही-चूड़ा भोज में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि यह मकर संक्रांति पर हर वर्ष मनाई जाने वाली परंपरा है।
दही चूड़ा में शामिल नहीं हुए एक भी विधायक
प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए आपसी मिलना-जुलना भी हो गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रेमचंद्र मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर साल मकर संक्रांति के अवसर पर दही-चूड़ा भोज का आयोजन करती है। उन्होंने प्रदेश की जनता को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करना जरूरी है तथा नफरत के माहौल को खत्म किया जाना चाहिए।
कांग्रेस करेगी प्रदेशभर में अभियान
उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा समेत जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में व्यापक अभियान चला रही है। हालांकि, विधायकों की गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बता दें कि कांग्रेस के विधायक लगातार पार्टी से दूरी बनाए हुए हैं। कांग्रेस विधायक में टूट की चर्चा अब तेज हो गई है।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट