Bihar Politics: चुनावी रंग में रंगा बिहार, अमित शाह की आज से दनादन दो बड़ी बैठकें, प्रियंका गांधी की रैली, कौन किसपर पड़ेगा भारी, जानिए

Bihar Politics:

अमित शाह प्रियंका गांधी
बिहार में चुनावी सरगर्मी - फोटो : social media

Bihar Politics:  बिहार में आज सियासी गतिविधियां चरम पर रहेंगी। एनडीए और महागठबंधन दोनों ही पार्टी अपनी अपनी चुनावी रणनीति को धार देंगी। एक ओर जहां कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा चुनावी मैदान में हैं तो वहीं दूसरी ओर गृह मंत्री अमित शाह भी दो दिवसीय दौरे पर आज बिहार पहुंच रहे हैं। एनडीए व महागठबंधन दोनों ही गठबंधन चुनावी रणक्षेत्र में पूरी ताकत झोंकने में जुट गए हैं।

प्रियंका गांधी महिलाओं से करेंगे संवाद 

बता दें कि, प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को बिहार दौरे पर हैं। वे दोपहर 12 बजे पटना के सदाकत आश्रम में लगभग 2000 महिलाओं के साथ संवाद करेंगी। इसमें घरेलू कामगार, मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर, वकील और डॉक्टर जैसी विभिन्न वर्गों की महिलाएं शामिल होंगी।

पटना के बाद मोतिहारी में जनसभा

महिलाओं के साथ संवाद के बाद प्रियंका गांधी मोतिहारी जाएंगी, जहां गांधी मैदान में “हर घर अधिकार रैली” को संबोधित करेंगी। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस रैली में 20 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम के लिए तीन झूमर वाले विशाल पंडाल में 40 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं। प्रियंका गांधी दोपहर 2 बजे हेलिकॉप्टर से मोतिहारी पुलिस लाइन पहुंचेंगी और वहां से बंद गाड़ी से सभा स्थल जाएंगी। उनके साथ मंच पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और पार्टी के सांसद मौजूद रहेंगे।

अमित शाह का दो दिवसीय दौरा

वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार से दो दिन के बिहार दौरे पर रहेंगे। वे बेतिया में भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे और शाम को पटना में प्रदेश नेताओं के साथ बैठक करेंगे। शनिवार को उनका कार्यक्रम समस्तीपुर के सरायरंजन और अररिया के फारबिसगंज में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलनों का है। आठ दिनों के भीतर शाह का यह दूसरा बिहार दौरा है। इस बीच भाजपा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी मान रही है कि उनकी रणनीति से चुनावी समीकरण मजबूत होंगे।

विधानसभा चुनाव को लेकर गरमाई सियासत 

इसी बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 75 लाख जीविका दीदियों के खाते में 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त जारी करेंगे। इस योजना के तहत कुल 7,500 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महिलाओं को संबोधित करेंगे। बता दें कि नवरात्रि की रौनक के बीच बिहार की राजनीति में भी हलचल बढ़ गई है। नेताओं के ताबड़तोड़ दौरे और घोषणाओं से साफ है कि विधानसभा चुनाव का महासमर अब पूरी तरह से दस्तक दे चुका है। 6 अक्टूबर के बाद कभी भी चुनाव का ऐलान हो सकता है।