Bihar cabinet expansion:अमित शाह-नीतीन नबीन के साथ आज आएंगे पटना, ललन सिंह-संजय झा पहुंचे, कैबिनेट विस्तार को लेकर देर रात होगी हाईलेवल बैठक

Bihar cabinet expansion: पटना की सियासी सरज़मीं पर आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रात राजधानी पहुंच रहे हैं। ललन सिंह का आगमन हो चुका है..

Amit Shah nitin nabin  lalan singh arrive in Patna for high
कैबिनेट विस्तार से पहले पटना में अमित शाह ललन सिंह की बैठक- फोटो : reporter

Bihar cabinet expansion: पटना की सियासी सरज़मीं पर आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज रात राजधानी पहुंच रहे हैं। उनके साथ नितिन नवीन भी पटना आने वाले हैं, जिससे बिहार की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह के आगमन के तुरंत बाद कैबिनेट बैठक और राजनीतिक समीकरणों पर गहन मंथन की तैयारी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी देर रात होने वाली अहम बैठक में संभावित मंत्रियों की सूची लेकर स्टेट गेस्ट हाउस में शाह से मुलाकात कर सकते हैं। यह मुलाकात कैबिनेट विस्तार से पहले की अहम सियासी चौसर मानी जा रही है। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा दिल्ली से पटना पहुंच चुके हैं, आज देर शाम अमित शाह के साथ इनकी बैठक हो सकती है।

कल यानी 7 मई को पटना का ऐतिहासिक गांधी मैदान एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनेगा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का विस्तार दोपहर करीब 12 बजे होगा, जिसमें नई टीम को शपथ दिलाई जाएगी।

जानकारी के अनुसार, इस विस्तार में बीजेपी कोटे से 12 और जनता दल यूनाइटेड  कोटे से 11 नए मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद कैबिनेट का कुल आंकड़ा 30 से 32 तक पहुंच सकता है। हालांकि जेडीयू कोटे में दो पद फिलहाल खाली रखे जाएंगे, जिसे भविष्य की सियासी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

गांधी मैदान में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और पूरा इलाका हाई सिक्योरिटी ज़ोन में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन इसे सिर्फ एक शपथ समारोह नहीं बल्कि शक्ति प्रदर्शन और सियासी संदेश के रूप में देख रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अमित शाह की यह यात्रा सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि बिहार में सत्ता के नए संतुलन और संगठनात्मक मजबूती का संकेत है। देर रात होने वाली बैठकों से लेकर कल के शपथ समारोह तक, हर कदम पर सियासी निगाहें टिकी हुई हैं।फिलहाल पटना की फिज़ा में सन्नाटा नहीं, बल्कि आने वाले बड़े सियासी तूफान की आहट साफ महसूस की जा रही है।

नरोत्तम कुमार सिंह के साथ रंजीत कुमार की रिपोर्ट