Bihar News : बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों में ऑनलाइन घोषित हुआ बीटेक का परिणाम, 'जीरो डे डिले' का बना रिकॉर्ड

Bihar News : बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय (BEU), पटना ने बीटेक के परीक्षा परिणामों की घोषणा डिजिटल माध्यम से कर दी है। परीक्षा परिणाम मंत्री शीला कुमारी द्वारा आधिकारिक तौर पर जारी किया गया।

Bihar News : बिहार के इंजीनियरिंग कॉलेजों में ऑनलाइन घोषित ह
बीटेक का परिणाम घोषित - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार अभियंत्रण विश्वविद्यालय, पटना ने बुधवार को बीटेक शैक्षणिक सत्र 2022-26 के परीक्षा परिणामों की घोषणा डिजिटल माध्यम से कर दी है। परीक्षा परिणाम विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की मंत्री शीला कुमारी द्वारा जारी किया गया। माना जा रहा है कि यह पहल विश्वविद्यालय की पारदर्शी, आधुनिक एवं छात्र-केंद्रित परीक्षा प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। परीक्षा परिणाम जारी होने के साथ ही इसे विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया गया, जिससे विद्यार्थी अपने परिणाम ऑनलाइन देख सकते हैं।

मौके पर मंत्री शीला कुमारी ने कहा कि डिजिटल माध्यम से परीक्षा परिणामों की समयबद्ध घोषणा राज्य में तकनीकी शिक्षा को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी एवं तकनीक-संचालित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को समय पर परिणाम उपलब्ध होंगे तथा उच्च शिक्षा एवं रोजगार से संबंधित प्रक्रियाओं में सुविधा प्राप्त होगी।इस अवसर पर विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव हिमांशु शर्मा ने कहा कि विभाग तकनीकी शिक्षा संस्थानों में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा विश्वविद्यालय द्वारा समयबद्ध परिणाम प्रकाशन एक अनुकरणीय पहल है। विभाग के निदेशक-सह-अपर सचिव अहमद महमूद ने विश्वविद्यालय द्वारा अपनाई गई डिजिटल परीक्षा एवं परिणाम प्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को पारदर्शी, विश्वसनीय एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं तथा राज्य की तकनीकी शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एस. के. वर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा लगातार दूसरी बार ससमय (शून्य दिवस विलंब सत्र यानी जीरो डे डिले सेशन) परीक्षाफल का प्रकाशन किया जा रहा है तथा इसके लिए विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा, सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ, संबंधित अधिकारियों एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों/निदेशकों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी परीक्षा एवं मूल्यांकन प्रणाली को पूर्णतः डिजिटल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

वहीं मौके पर कुलसचिव डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा परिणामों के समयबद्ध प्रकाशन के लिए परीक्षा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित शैक्षणिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी डिजिटल प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।