सिर चढ़कर बोल रहा 'हर्ष फायरिंग' का नशा, पिस्टल फंसी तो गोली बदलकर दागी; पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
शादी के दौरान हर्ष फायरिंग का एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में एक युवक डांसर के साथ पिस्टल लहराते और फायरिंग करते दिख रहा है, जबकि दूसरा कमर में हथियार खोंसे नजर आ रहा है।
patna / Badh - बिहार में हर्ष फायरिंग पर पूर्ण प्रतिबंध और पुलिस की सख्त चेतावनियों के बावजूद दबंगई के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर थाना अंतर्गत रानीसराय का है, जहाँ 21 फरवरी को एक शादी समारोह के दौरान सरेआम हथियार लहराने और फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने एक बार फिर शादियों में होने वाली जानलेवा परंपराओं पर बहस छेड़ दी है।
पिस्टल फंसी तो गोली बदलकर की फायरिंग
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नाच-गाने के दौरान एक युवक हाथ में पिस्टल लेकर डांसर के साथ झूम रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि युवक पहले फायरिंग करने का प्रयास करता है, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण गोली नहीं चलती। इसके बाद वह बेखौफ होकर पिस्टल की गोली बदलता है और फिर से पिस्टल लहराते हुए हवा में फायरिंग कर देता है। यह पूरी घटना वहां मौजूद दर्जनों लोगों के सामने हुई।
हथियारों का सरेआम प्रदर्शन
वीडियो में केवल फायरिंग करने वाला युवक ही नहीं, बल्कि एक अन्य व्यक्ति भी नजर आ रहा है जिसकी कमर में पिस्टल साफ दिखाई दे रही है। शादी के माहौल में इस तरह हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग किसी भी बड़े हादसे को दावत दे सकती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, जश्न के नाम पर इस तरह की दबंगई अब आम होती जा रही है, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बख्तियारपुर पुलिस की चुप्पी पर सवाल
घटना 21 फरवरी की बताई जा रही है, लेकिन वीडियो अब जाकर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और बख्तियारपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि क्या पुलिस इन चेहरों की पहचान कर उन पर कानूनी शिकंजा कसेगी या फिर हर बार की तरह मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
कानून की अनदेखी और सुरक्षा का खतरा
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट और बिहार सरकार ने हर्ष फायरिंग को लेकर कड़े कानून बनाए हैं, जिसके तहत गिरफ्तारी और शस्त्र लाइसेंस रद्द करने तक का प्रावधान है। बावजूद इसके, बख्तियारपुर के रानीसराय की यह घटना दर्शाती है कि कानून का डर अपराधियों में खत्म होता जा रहा है। अब सबकी निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट