पटना डीएम का सख्त फरमान, 18 से 28 अक्टूबर तक सबकी छुट्टियां रद्द, सभी विभागों को अलर्ट जारी
त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर डीएम पटना ने सख्त आदश जारी किया है. उन्होंने जिले के सभी विभागों को अलर्ट जारी किया है और सबकी छुट्टियां रद्द कर दी.

Bihar news: दीपावली और छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पटना जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी, पटना डॉ त्यागराजन द्वारा जारी आदेश के अनुसार 18 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2025 तक जिले, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों, तकनीकी पदाधिकारियों एवं पर्यवेक्षकीय स्तर के अधिकारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है।
आदेश में कहा गया है कि इस अवधि में दीपावली का पर्व 20 अक्टूबर को और लोक आस्था का पर्व छठ 25 से 28 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इन अवसरों पर विधि-व्यवस्था और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों के अधिकारियों की उपस्थिति आवश्यक मानी गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को सामान्य परिस्थिति में अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। यदि किसी को अत्यावश्यक परिस्थिति में छुट्टी की आवश्यकता होती है, तो उसे वरिष्ठ प्रभावशाली अधिकारी के माध्यम से स्पष्ट कारण बताते हुए अनुमति प्राप्त करनी होगी।
प्रशासन ने बताया कि त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडलवार दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा है कि सभी अधिकारी अपने-अपने मुख्यालय में रहकर स्थिति पर सतत निगरानी रखें और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह आदेश दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं शांति बनाए रखने की प्रशासन की सख्त तैयारी को दर्शाता है।