अब नहीं बोल सकते हैं नीलगाय! बिहार विधानसभा में उप मुख्यमंत्री का ऐलान, किसानों के फसलों को रौंदने वाला जानवर को मिला यह नाम

Nilgai in Bihar
Nilgai in Bihar - फोटो : news4nation

Bihar Budget : बिहार में अब नीलगाय शब्द का प्रयोग नहीं किया जाएगा बल्कि उसकी जगह घोड़परास और नील बकरी जैसे शब्द बोले जाएंगे. बिहार विधानसभा में मंगलवार को इसे लेकर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पीकर प्रेम कुमार से खास अपील की. दरअसल, बिहार में किसानों के फसलों को बर्बाद करने वाले नीलगाय, जिसे घोड़परास भी कहा जाता है, के मुद्दे पर प्रश्नकाल में कई सदस्यों ने विविध सवाल उठाए. सरकार की ओर से घोड़परास के नियंत्रण को लेकर जवाब दिया गया. 


इसी बीच उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बताया कि वे भी कृषि मंत्री रह चुके हैं और उन्होंने घोड़परास के मुद्दे पर गम्भीरता दिखाई थी. इस बीच उन्होंने सदन के सदस्यों और स्पीकर से खास अपील की कि नीलगाय शब्द का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए बल्कि उसकी जगह घोड़परास और नील बकरी शब्द का प्रयोग करें. उन्होंने कहा कि नीलगाय बोलने से कई लोगों की भावनाएं इससे जुड़ जाती हैं इसलिए इसकी जगह घोड़परास और नील बकरी शब्द का प्रयोग होना चाहिए.

अनंत सिंह ने ली शपथ 

मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जदयू विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को सदन में शपथ ली. बाहुबली छवि के अनंत सिंह को विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव हत्याकांड के बाद गिरफ्तार किया गया था. हालांकि अनंत सिंह चुनाव जीतने में सफल रहे थे लेकिन उन्होंने अभी तक सदन की सदस्यता की शपथ नहीं ली थी. सोमवार को कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें शपथ के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में विधानसभा लाया गया और शपथ दिलाई गई. शपथ लेने के बाद अनंत सिंह ने पहले विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार का अभिवादन किया और बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पांव छूकर आशीर्वाद लिया. दोनों के बीच कुछ समय तक बात चीत भी हुई.

न्याय पर भरोसा
अनंत सिंह ने शपथ लेने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमें न्याय पर पूरा भरोसा है और हमारे साथ न्याय होगा.  शपथ लेने के बाद जब वह जेल वापस जाने लगे तो उन्होंने कहा कि हमारे साथ न्याय होगा. हमें पूरा भरोसा है. उनसे पूछा गया कि विपक्ष कह रहा है कि बिहार में कानून व्यवस्था खराब है, इस पर उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास बोलने के लिए कुछ नहीं है. उनसे पूछा गया कि विपक्ष का आरोप है कि बिहार में महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं है. इस पर अनंत सिंह ने कहा बिहार में सब सुरक्षित है .