बांकीपुर में वोटिंग ने पकड़ी रफ्तार, 9 बजे के 4.61% से 11 बजे तक वोटरों ने बनाया रिकॉर्ड, जानिए भाजपा के गढ़ में कैसा है चुनावी माहौल

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता और जन सुराज ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया है।

Bankipur Assembly Bypoll
Bankipur Assembly Bypoll- फोटो : news4nation

Bankipur Assembly Bypoll :  राजधानी पटना की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट पर गुरुवार को हो रहे उपचुनाव में मतदान धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग के बाद शुरुआती दो घंटों में मतदान की गति अपेक्षाकृत धीमी रही, लेकिन समय बढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या में इजाफा देखने को मिला। निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार सुबह 11 बजे तक कुल 11.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। इससे पहले सुबह 9 बजे तक मतदान प्रतिशत 4.61 फीसदी था। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के बीच मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि दोपहर बाद मतदान में और तेजी आएगी तथा अंतिम मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।


सीएम सम्राट चौधरी की अपील 

इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेशवासियों, विशेषकर बांकीपुर के मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "पहले मतदान, फिर जलपान। लोकतंत्र की मजबूती हर जागरूक मतदाता की भागीदारी से सुनिश्चित होती है। आइए, अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएँ।"


नितिन नवीन का अनुरोध 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, आज बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका एक-एक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त करेगी तथा विकास की इस निरंतर यात्रा को नई शक्ति प्रदान करेगी। मैं बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया विधानसभा के सभी सम्मानित मतदाताओं, विशेषकर युवाओं एवं मातृशक्ति से आग्रह करता हूँ कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें। याद रखें, पहले मतदान, फिर जलपान।

 

बिहार के लिए महत्वपूर्ण 

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता और जन सुराज ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया है। इस मुकाबले को भाजपा के लिए अपनी परंपरागत सीट बचाने और प्रशांत किशोर के लिए राजनीतिक प्रतिष्ठा की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।


निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। विधानसभा क्षेत्र के 300 से अधिक मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल, बिहार पुलिस और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं, जबकि वेबकास्टिंग, सीसीटीवी निगरानी और सेक्टर मजिस्ट्रेट की लगातार गश्त के जरिए मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।