पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहुंचे बाढ़ के ऐतिहासिक उमानाथ मंदिर, की पूजा-अर्चना, विकास कार्यों का लिया जायजा

बाढ़ स्थित प्रसिद्ध उमानाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नीतीश कुमार और ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

 Nitish Kumar Visits Umanath Temple
Nitish Kumar Visits Umanath Temple - फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को पटना जिले के बाढ़ स्थित प्रसिद्ध उमानाथ महादेव मंदिर पहुंचे। उनके साथ बाढ़ के पूर्व विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति तथा जनकल्याण की कामना की।


पूजा-अर्चना के बाद नीतीश कुमार और ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का दोनों नेताओं ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया, जिसका लोगों ने भी गर्मजोशी से स्वागत किया।


उमानाथ मंदिर का धार्मिक महत्व

बाढ़ का उमानाथ महादेव मंदिर गंगा तट पर स्थित क्षेत्र के सबसे प्राचीन और प्रमुख शिव मंदिरों में से एक माना जाता है। इस मंदिर की स्थानीय लोगों के बीच गहरी धार्मिक आस्था है। विशेष रूप से सावन, महाशिवरात्रि और अन्य शिव पर्वों के दौरान यहां हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। मान्यता है कि यहां भगवान शिव और माता उमा (पार्वती) की आराधना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही वजह है कि यह मंदिर न केवल बाढ़, बल्कि आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं के लिए भी प्रमुख आस्था का केंद्र है।


नीतीश कुमार के मंदिर आगमन को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु उन्हें देखने के लिए मंदिर परिसर में जुटे, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

रविशंकर की रिपोर्ट