बांकीपुर उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन NDA के प्रदेश अध्यक्षों का साझा शक्ति प्रदर्शन, बोले- "भारी मतों से जीतेंगे नीरज कुमार, प्रबंधन वाले नेताओं की जमानत होगी जब्त"

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी अभूतपूर्व एकजुटता का प्रदर्शन किया। सभी ने कहा कि बांकीपुर की जनता एनडीए को भारी मतों से विजयी बनाने जा रही है....

बांकीपुर उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन NDA के प्रदेश अध्यक्षो
प्रचार के अंतिम दिन NDA का साझा शक्ति प्रदर्शन- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन एनडीए के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी अभूतपूर्व एकजुटता का प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास के नाम पर एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में लामबंद है। पिछले दिनों हुए भव्य रोड शो और जनसंपर्क अभियान से स्पष्ट हो चुका है कि बांकीपुर की जनता एनडीए को भारी मतों से विजयी बनाने जा रही है और नीरज कुमार बड़े अंतर से चुनाव जीतेंगे


नीतीश कुमार की अपील से मजबूत हुआ एनडीएचट्टानी एकता के साथ मैदान में कार्यकर्ता

जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद बांकीपुर के मतदाताओं से बिहार के विकास की निरंतरता बनाए रखने के लिए नीरज कुमार के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एनडीए के सभी घटक दल चट्टानी एकता के साथ चुनावी मैदान में डटे हुए हैं। पटना और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए चौमुखी विकास कार्यों के कारण जनता का विश्वास केवल एनडीए सरकार और उसके प्रत्याशी पर टिका हुआ है 


लोजपा (आर) के राजू तिवारी का पीके पर तंज: "98% उम्मीदवारों की जमानत जब्त कराने वाले हजार में निपटेंगे"

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने विपक्षी प्रत्याशियों और चुनावी प्रबंधन करने वाले नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार में एक ऐसे नेता हैं जिनके 98 प्रतिशत प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो चुकी है और इस उपचुनाव में वे 5,000 वोटों के भीतर ही सिमट जाएंगे। राजू तिवारी ने कहा कि बांकीपुर से नितिन नवीन का पारिवारिक रिश्ता रहा है और चिराग पासवान सहित एनडीए के तमाम शीर्ष नेता एकजुट हैं, जिससे यहां मुकाबले जैसा कोई माहौल ही नहीं बचा है 


'हम' अध्यक्ष अनिल कुमार का दावा: "नितिन नवीन से भी ज्यादा मतों के अंतर से जीतेंगे एक गरीब कार्यकर्ता"

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि बांकीपुर स्थायी रूप से भाजपा और एनडीए का मजबूत गढ़ रहा है। बांकीपुर के पूर्व विधायक नितिन नवीन का राष्ट्रीय राजनीति में कद बढ़ना बिहार के लिए गौरव की बात है और पार्टी ने एक साधारण गरीब कार्यकर्ता नीरज कुमार को मैदान में उतारकर जनता का सम्मान किया है। उन्होंने 'मैनेजर' नेताओं पर निशाना साधते हुए दावा किया कि नीरज कुमार इस बार नितिन नवीन के पिछले जीत के रिकॉर्ड से भी अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगे 


आरएलएम अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने याद दिलाया 2005 से पहले का दौर, मरीन ड्राइव और विकास को बताया मुद्दा

राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने 2005 से पहले के पटना और आज के आधुनिक पटना की तुलना करते हुए कहा कि मरीन ड्राइव समेत पूरे क्षेत्र में जो इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा हुआ है, वह एनडीए शासन की ही देन है। उन्होंने चुनाव से ठीक दो दिन पहले गायब रहकर अचानक प्रकट होने वाले 'प्रबंधन वाले नेताओं' पर सवाल उठाए। आलोक सिंह ने कहा कि जनता जानती है कि वह केवल एनडीए सरकार में ही सुरक्षित रह सकती है, इसलिए बांकीपुर के कार्यकर्ता और मतदाता पूरे उत्साह के साथ एनडीए प्रत्याशी को जिताने के लिए तैयार हैं 


नरोत्तम की रिपोर्ट