बिहार STF और बेगूसराय पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कांग्रेस नेता गोलीकांड में चौंकाने वाला खुलासा, साजिश का पर्दाफ़ाश; तीन गिरफ्तार

बेगूसराय के कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कुमार गौरव पर हुए गोलीकांड का बिहार STF और जिला पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में चौंकाने वाली साजिश सामने आई है।

begusarai-police-stf-busts-conspiracy-in-congress-vice-presi
बेगूसराय में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष गोलीकांड का खुलासा: खुद रची थी फायरिंग की साजिश- फोटो : news 4 nation

बिहार एसटीएफ (STF) और बेगूसराय जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कुमार गौरव पर हुए गोलीकांड मामले का उद्भेदन कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के साथ अवैध आग्नेयास्त्र और अन्य सामान बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बरौनी (जीरो माइल) थाना कांड संख्या 177/26 के तहत की गई है।


छापेमारी में तीन आरोपी दबोचे गए, हथियार व वाहन बरामद

21 नवंबर 2026 को संयुक्त टीम ने दंडारी थाना क्षेत्र के मँहौन निवासी आरोपी कमलेश कुमार उर्फ अभिनय को उसके घर से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर नगर थाना क्षेत्र से छापेमारी कर मँहौन निवासी नन्हू कुमार और नयागांव थाना क्षेत्र के गोरगामा निवासी नितेश कुमार को अवैध आग्नेयास्त्र के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, छह मोबाइल, एक बाइक और एक चारपहिया वाहन बरामद किया है।


18 नवंबर को सफारी गाड़ी पर हुई थी गोलीबारी

उल्लेखनीय है कि 18 नवंबर 2026 को बेगूसराय के कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष कुमार गौरव (पिता अनिल कुमार, निवासी जानकी निवास, ट्रैफिक चौक, नगर थाना) पर दो अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने गोलीबारी की थी। पापरोर स्थित कब्रिस्तान के पास उनकी सफारी गाड़ी पर फायरिंग कर अपराधी फरार हो गए थे।


पूछताछ में साजिश का खुलासा, आपराधिक इतिहास की जांच

पूछताछ में गिरफ्तार कमलेश कुमार उर्फ अभिनय ने स्वीकार किया कि कुमार गौरव के कहने पर उसने नितेश और शिवम को गोलीबारी के लिए तैयार किया था। उसने कपस्या हरख स्थित अपने डेरे पर बैठक कर दोनों की मुलाकात कुमार गौरव से कराई थी और घटना के लिए मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई थी। पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।