बेउर केंद्रीय कारा में देर रात बड़ी छापेमारी, 153 जवानों ने खंगाले वार्ड; कोई आपत्तिजनक सामान नहीं

बेउर केंद्रीय कारा में गुरुवार देर रात जिला प्रशासन और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने 153 जवानों के साथ छापेमारी की। तड़के तक चली तलाशी में वार्डों व परिसर की जांच हुई, हालांकि कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला।

beur central jail patna late night raid
पटना के बेऊर जेल में आधी रात को पुलिस की दबिश- फोटो : news 4 nation

राजधानी स्थित बेउर केंद्रीय कारा में गुरुवार की देर रात जिला प्रशासन और पटना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर छापेमारी की। रात 1:40 बजे से सुबह 4:30 बजे तक चले इस सघन तलाशी अभियान में 153 पुलिस जवान शामिल रहे। टीम ने जेल के सभी वार्डों से लेकर परिसर के अलग-अलग हिस्सों तक की बारीकी से जांच की।


वरीय अधिकारियों की निगरानी में अभियान

छापेमारी की कमान पश्चिमी एसपी संकेत कुमार और ग्रामीण एसपी कोमल मीणा ने संभाली। अभियान में कई एएसपी और डीएसपी समेत पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों की निगरानी में बड़ी संख्या में जवानों ने एक साथ जेल के विभिन्न वार्डों में प्रवेश कर तलाशी अभियान चलाया।


वार्डों और परिसर की बारीकी से जांच

तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने जेल के सभी वार्डों को खंगाला। बंदियों को नींद से जगाकर उनके बिस्तर, निजी सामान और आसपास के स्थानों की जांच की गई। किसी भी संदिग्ध वस्तु की आशंका को देखते हुए जवानों ने व्यवस्थित तरीके से तलाशी ली और जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।


कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला

करीब पौने तीन घंटे तक चली इस व्यापक कार्रवाई के दौरान किसी भी वार्ड या परिसर से आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामान मिलने की सूचना नहीं है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नियमित और औचक जांच की यह प्रक्रिया आगे भी जारी रखने के संकेत दिए गए हैं।

पटना से अनिल की रिपोर्ट