Pawan Singh: विधानसभा चुनाव से पहले भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह की बढ़ाई गई सुरक्षा, मोदी सरकार का बड़ा फैसला
Pawan Singh: भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले वाई प्लस की सुरक्षा दी गई है। केंद्र की ओर से पवन सिंह को मतदान से पहले सुरक्षा दी गई है।

Pawan Singh: बिहार विधासनभा चुनाव का बिगुल बज गया है। दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा तो वहीं दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। मतदान के पहले भोजपुरी स्टार पवन सिंह को लेकर केंद्र की मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। केंद्र ने पवन सिंह की सुरक्षा को बढ़ा दी है। केंद्र की ओर से पवन सिंह को y+ की सुरक्षा दी गई है।
पवन सिंह को मिली वाई प्लस सुरक्षा
गृह मंत्रालय (MHA) के सूत्रों के मुताबिक ये सुरक्षा केंद्र सरकार के स्तर पर मंजूर की गई है। अब पवन सिंह के साथ हमेशा सशस्त्र कमांडो तैनात रहेंगे। बता दें कि Z सिक्योरिटी के बाद Y+ सुरक्षा का नाम आता है। इस सुरक्षा घेरे में 11 सुरक्षा कर्मी शामिल होते हैं। इसमें 1 या 2 कमांडो और 2 पीएसओ शामिल होता है। इसके साथ ही इस जत्थे में पुलिसकर्मी भी शामिल होते हैं। पवन सिंह को यही सुरक्षा दी गई है।
भाजपा की टिकट से लड़ेंगे चुनाव
मालूम हो कि, हाल ही में पवन सिंह की बीजेपी में घर वापसी हुई है। दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद पवन सिंह ने 5 अक्टूबर को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। सूत्रों की मानें तो पवन सिंह आरा या काराकाट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
पत्नी से चल रहा विवाद
दूसरी ओर इन दिनों पवन सिंह का विवाद उनकी पत्नी ज्योति सिंह से चल रहा है। इन दिनों दोनों का विवाद सुर्खियों में है। ज्योति सिंह पवन सिंह पर गंभीर आरोप लगा रही हैं। हाल ही में ज्योति सिंह ने लखनऊ स्थित पवन सिंह के फ्लैट पर पहुंचकर उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद थी, और ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा कि वह मानसिक तनाव में हैं और आत्महत्या करने की सोच रही हैं।