Bihar News : स्वास्थ्य मंत्री निशांत के 'कैमरा निगरानी' बयान पर भड़का BHSA, कहा- डॉक्टर अपराधी नहीं, राज्यव्यापी आंदोलन की दी चेतावनी
Bihar News : स्वास्थ्य मंत्री निशांत द्वारा कैमरे लगाकर डॉक्टरों की आने-जाने की निगरानी करने और रिपोर्ट सीधे अपने पास मंगाने संबंधी बयान पर चिकित्सा जगत में उबाल आ गया है. BHSA ने इस बयान का कड़ा विरोध किया है....
PATNA : बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत के बयान का कड़ा विरोध किया है। संघ ने कहा की सरकार "डॉक्टरों की निगरानी नहीं, स्वास्थ्य व्यवस्था की जवाबदेही तय करे।" संघ की ओर से कहा गया की बिहार के स्वास्थ्य मंत्री द्वारा सरकारी अस्पतालों में कैमरे लगाकर डॉक्टरों के आने-जाने की निगरानी करने तथा उसकी रिपोर्ट सीधे अपने पास मंगाने संबंधी बयान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, अपमानजनक एवं चिकित्सक विरोधी है।
संघ का कहना है की डॉक्टर कोई अपराधी नहीं हैं, जिन्हें 24 घंटे संदेह की निगाह से देखा जाए। यदि सरकार पारदर्शिता चाहती है, तो उसका स्वागत है, लेकिन यह व्यवस्था केवल चिकित्सकों की निगरानी तक सीमित नहीं होनी चाहिए। संघ ने मांग है कि कैमरों की निगरानी केवल डॉक्टरों पर नहीं, बल्कि अस्पताल प्रबंधन, दवा उपलब्धता, उपकरणों की कार्यशीलता, सफाई व्यवस्था, एम्बुलेंस सेवा और प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही पर भी हो। स्वास्थ्य विभाग के सचिव, सिविल सर्जन, अधीक्षक एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली की भी समान रूप से मॉनिटरिंग हो।
कहा की डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना केवल निगरानी की नीति स्वीकार्य नहीं है। आए दिन चिकित्सकों पर हो रहे हमलों पर सरकार की चुप्पी चिंताजनक है। आज बिहार के अधिकांश सरकारी अस्पताल डॉक्टरों की कमी, संसाधनों के अभाव, दवाओं की अनुपलब्धता और जर्जर आधारभूत संरचना से जूझ रहे हैं। इन मूल समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल डॉक्टरों को निशाना बनाना स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलताओं से ध्यान भटकाने का प्रयास प्रतीत होता है।
संघ ने चेतावनी देते हुए कहा की यदि चिकित्सकों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली एकतरफा नीतियां वापस नहीं ली गईं तथा चिकित्सक संगठनों से संवाद स्थापित नहीं किया गया, तो बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ राज्यव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग की होगी।