Pahalgam Terrorist Attack: तय सीमा के बाद भी भारत में रुके पाकिस्तानियों पर होगी बड़ी कार्रवाई, इतने सालों के लिए जाना पड़ सकता है जेल, भारी जुर्माना भी...
Pahalgam Terrorist Attack: तय सीमा के बाद भी अगर कोई पाकिस्तानी नागरिक भारत में मौजूद रहेगा तो सरकार उस पर कड़ा एक्शन लेगी। पाकिस्तानियों का भारत छोड़ने का कल यानी 29 अप्रैल को आखिरी दिन है...अगर इसके बाद भी कोई पाकिस्तानी नागरिक भारत में रहता है तो

Pahalgam Terrorist Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश है। भारत सरकार ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश दे दिया है। पहले सरकार ने 48 घंटे में पाकिस्तानियों को भारत छोड़ने का आदेश दिया था फिर इस समय सीमा को 29 अप्रैल तक कर दिया गया। कल यानी 29 अप्रैल को पाकिस्तानी नागरिकों को किसी भी हाल में भारत छोड़ना होगा। कल सरकार के अल्टीमेटम का आखिरी दिन है। ऐसे में आइए जानते हैं कि अगर तय समय सीमा के बाद भी पाकिस्तानी नागरिक भारत नहीं छोड़ते हैं तो उनका क्या होगा या उनपर क्या कार्रवाई होगी।
तय सीमा पर नहीं छोड़े भारत तो...
दरअसल, केंद्र सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का निर्देश दिया है। तय समय सीमा के अनुसार, 29 अप्रैल तक सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ना अनिवार्य है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को देश के सभी मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पाकिस्तानी नागरिक तय सीमा के बाद भारत में न रहे। वहीं अगर कोई पाकिस्तानी नागरिक निर्धारित समय के भीतर भारत नहीं छोड़ता है तो उसे गिरफ्तार किया जाएगा और उस पर मुकदमा चलेगा। नियमों के अनुसार, उल्लंघन करने वाले व्यक्ति को तीन साल तक की जेल या तीन लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों का सामना करना पड़ सकता है।
हर हाल में कल तक छोड़ना होगा भारत
गृह मंत्रालय ने साफ किया है कि SAARC वीजा धारकों के लिए भारत छोड़ने की अंतिम तिथि 26 अप्रैल थी, जबकि मेडिकल वीजा धारकों के लिए यह समय सीमा 29 अप्रैल तय की गई है। आगमन पर वीजा, व्यवसाय, फिल्म, पत्रकार, सम्मेलन, पर्वतारोहण, छात्र और तीर्थयात्री वीजा धारकों को भी 26 अप्रैल तक भारत छोड़ने का आदेश दिया गया था। गृह सचिव गोविंद मोहन ने भी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर निर्देश दिया कि जिन पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा रद्द किया गया है। उन्हें हर हाल में समयसीमा के भीतर भारत छोड़ने को सुनिश्चित किया जाए।
क्या कहता है नया कानून?
आव्रजन और विदेशी अधिनियम 2025 के तहत, यदि कोई विदेशी निर्धारित अवधि से अधिक भारत में रहता है, वीजा शर्तों का उल्लंघन करता है या प्रतिबंधित क्षेत्रों में अनधिकृत प्रवेश करता है, तो उसे तीन साल की जेल या तीन लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों से दंडित किया जा सकता है।
भारत-पाकिस्तान रिश्तों में बढ़ा तनाव
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है। भारत ने न केवल पाकिस्तानियों के वीजा रद्द किए हैं बल्कि अन्य कई कठोर कदम भी उठाए हैं। पाकिस्तान की ओर से भी भारत को जवाबी कार्रवाई की धमकी दी गई है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पांच बड़े एक्शन लिए हैं।