Bihar Education News:बिहार की शिक्षा व्यवस्था में आएगा बड़ा बदलाव?शून्य से शीर्ष तक का सफर!, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बताया सरकार का संकल्प

Bihar Education News: बिहार में शिक्षा व्यवस्था को अधिक गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और छात्र-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से चली 201 दिवसीय शिक्षा संकल्प यात्रा का समापन हो गया। ..

Bihar Education News
शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव- फोटो : social Media

Bihar Education News: बिहार में शिक्षा व्यवस्था को अधिक गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और छात्र-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से चली 201 दिवसीय शिक्षा संकल्प यात्रा का समापन हो गया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में वास्तविक बदलाव लाने के लिए जमीनी अनुभव, शोध और नवाचार को एक साथ जोड़ना जरूरी है। शिक्षा संकल्प यात्रा राज्य में ज्ञान के नए सूर्योदय की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि बिहार के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और उसे अपनी प्रतिभा निखारने के समान अवसर देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

रविवार को पटना के गर्दनीबाग स्थित बापू टावर में आयोजित ‘शिक्षा संकल्प सम्मेलन सह सम्मान समारोह’ को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने ये बातें कहीं। राज्य के सभी 38 जिलों में 201 दिनों तक चली इस यात्रा के समापन पर आयोजित समारोह में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, विद्यार्थियों की जरूरतों और शैक्षणिक चुनौतियों पर चर्चा की गई। इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों, मार्गदर्शकों और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

जमीनी अनुभवों से शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर जोर

समारोह के दौरान ‘बिहार शिक्षा यात्रा : शून्य से शीर्ष की ओर’ विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें शिक्षा मंत्री ने शिक्षा संकल्प यात्रा के नायक निमेष शुक्ला के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री शुक्ला ने यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में विद्यार्थियों की प्रतिभा, उनकी शैक्षणिक जरूरतों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों को करीब से समझने का प्रयास किया।

मंत्री के अनुसार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए केवल नीतियां बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह जानना भी जरूरी है कि विद्यालयों और विद्यार्थियों को जमीनी स्तर पर किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यात्रा के दौरान सामने आए अनुभवों के आधार पर कमियों की पहचान करना और उनके व्यावहारिक समाधान तलाशना शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने का संकल्प

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और प्रत्येक बच्चे को सीखने के समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए जरूरी है कि विद्यार्थियों की जरूरतों को समझते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि बिहार का हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे और अपनी प्रतिभा के दम पर राज्य के विकास में योगदान दे, यही सरकार का संकल्प है। शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए शोध, नवाचार और जमीनी अनुभवों को नीतिगत सुधारों से जोड़ना होगा। इससे विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।

शिक्षाविदों और मार्गदर्शकों को किया गया सम्मानित

शिक्षा संकल्प यात्रा के समापन समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मार्गदर्शकों, शिक्षाविदों और विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्मारिका ‘सुमेधा’ का भी लोकार्पण किया गया।

समारोह में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों और भविष्य में सुधार की संभावनाओं पर चर्चा हुई। 38 जिलों में 201 दिनों तक चली शिक्षा संकल्प यात्रा के अनुभवों को राज्य की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए उपयोगी माना जा रहा है। अब इन अनुभवों के आधार पर किस तरह के व्यावहारिक कदम उठाए जाते हैं, यह बिहार में गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में अहम होगा।

ब्यूरो रिपोर्ट