खनन विभाग में बिहार प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी, सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी की अधिसूचना

बिहार सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार को एक अहम अधिसूचना जारी करते हुए बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के दो अधिकारियों का तबादला किया है

खनन विभाग में बिहार प्रशासनिक सेवा के दो अधिकारियों को मिली

Patna - बिहार सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए खान एवं भू-तत्व विभाग (Mines and Geology Department) में दो नए अधिकारियों की पोस्टिंग की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 15 दिसंबर 2025 को जारी अधिसूचना (संख्या- 23347) के अनुसार, बिहार प्रशासनिक सेवा के उप सचिव स्तर के दो अधिकारियों को उनकी वर्तमान जगह से स्थानांतरित करते हुए खनन विभाग में भेजा गया है। माना जा रहा है कि विभागीय कार्यों में तेजी लाने के लिए मंत्री विजय कुमार सिन्हा के निर्देश पर यह बदलाव किया गया है।

ऐश्वर्य कश्यप बने विशेष कार्य पदाधिकारी (OSD)

अधिसूचना के मुताबिक, समस्तीपुर के मूल निवासी और अब तक मुंगेर में जिला पंचायत राज पदाधिकारी (DPRO) के पद पर तैनात श्री ऐश्वर्य कश्यप को पटना बुलाया गया है। उन्हें खान एवं भू-तत्व विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी (OSD) के पद पर तैनात किया गया है।

विश्वजीत कुमार को बनाया गया उप सचिव


वहीं, नालंदा जिले के मूल निवासी और अब तक गया जिले के टेकारी में अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के रूप में कार्य कर रहे श्री विश्वजीत कुमार को भी नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें खान एवं भू-तत्व विभाग, पटना में उप सचिव (Deputy Secretary) के पद पर पदस्थापित किया गया है।

दो अधिकारियों को सामान्य प्रशासन विभाग में भेजा गया

इस बदलाव के साथ ही खान एवं भू-तत्व विभाग में पहले से तैनात दो अधिकारियों को वहां से हटा दिया गया है। अधिसूचना के अनुसार, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री सुरेश प्रसाद और उप सचिव श्रीमती अर्चना कुमारी यादव को विभाग से विरमित करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। ये दोनों अधिकारी अब पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहेंगे।

सरकार ने नव पदस्थापित अधिकारियों को अविलंब अपने नए पद पर योगदान देने और इसकी सूचना विभाग को भेजने का निर्देश दिया है।