RCP Singh With Prashant Kishor: आखिर क्यों RCP सिंह ने चुनाव से पहले प्रशांत किशोर का थामा! जदयू ने बताई चौंकाने वाली वजह
RCP Singh With Prashant Kishor: जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पूर्व मंत्री आरसीपी सिंह पर कटाक्ष करते हुए उन्हें समाप्त सियासी अस्तित्व वाला नेता बताया और जनसुराज में शामिल होने को उनकी मजबूरी बताया।

RCP Singh With Prashant Kishor: बिहार की राजनीति में सियासी बयानबाज़ी फिर चरम पर है। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के जनसुराज में शामिल होने के फैसले पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को तीखा हमला बोला और इसे 'राजनीतिक अस्तित्व समाप्त होने का प्रमाण' बताया।
नीतीश कुमार को कमजोर करने का मिला जवाब: जदयू
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि "आरसीपी सिंह कभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कमजोर करने की साजिश रचने वाले प्रमुख चेहरा थे। लेकिन आज वो प्रशांत किशोर के जनसुराज के दरवाजे पर दस्तक दे रहे हैं।" कुशवाहा ने इसे "जैसी करनी, वैसी भरनी" वाली कहावत से जोड़ा और कहा कि ऐसे नेताओं का राजनीतिक भविष्य समाप्त होना तय था।
आरसीपी और पीके की जोड़ी पर तंज
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने एक और तंज कसते हुए कहा कि आरसीपी और पीके की जोड़ी बिन डोर की पतंग की तरह है। ऐसे पतंग को न ऊंचाई मिलती है और न ही उड़ान। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इन दोनों के चाल, चरित्र और चेहरे को पहचान चुकी है। अब चाहे ये कितनी भी कोशिश कर लें, ये राजनीतिक पुनर्जीवन असंभव है।
आतंकवाद के खिलाफ बोलेगा भारत
उमेश सिंह कुशवाहा ने दूसरी ओर जदयू राज्यसभा सांसद और कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा को मिली अहम अंतरराष्ट्रीय भूमिका पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गठित सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संजय झा को देना बिहार के लिए गौरव की बात है। यह सिर्फ एक प्रतिनिधिमंडल नहीं, बल्कि भारत की ओर से विश्व को यह संदेश है कि आतंकवाद के विरुद्ध भारत दृढ़ता से खड़ा है।"
क्या बोले कुशवाहा?
"भारत की यह आवाज संजय झा जैसे अनुभवी नेता के नेतृत्व में वैश्विक मंचों पर आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से गूंजेगी। यह उम्मीद, नेतृत्व और साहस का प्रतीक है।"