Bihar Politics: बिहार भाजपा का 200 करोड़ की लागत से बन रहा नया प्रदेश कार्यालय, जानिए क्या क्या मिलेगी सुविधाएं
Bihar Politics:
Bihar Politics: बिहार बीजेपी का नया प्रदेश मुख्यालय बनाया जा रहा है। पाटली पथ के किनारे पाटलीपुत्र जंक्शन के पीछे वाले हिस्से में मुख्यालय बनेगा। जो अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। कार्यालय के निर्माण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। इसके निर्माण में लगभग 200 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है। जानकारी अनुसार नया प्रदेश कार्यालय 13 से 15 हजार वर्ग फीट जमीन पर तैयार किया जाएगा।
बिहार भाजपा का नया मुख्यालय
इसके लिए नक्शा और डिजाइन दिल्ली से तैयार कराया गया है। हालांकि, भाजपा का मौजूदा पुराना प्रदेश कार्यालय भी यथावत रहेगा। भाजपा की राष्ट्रीय निर्माण समिति की बैठक में नए भवन के नक्शे की विस्तृत समीक्षा की गई। नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय से अंतिम स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रदेश कार्यालय के लिए पाटलीपुत्र स्टेशन के पास भूमि पहले ही खरीदी जा चुकी है।
सुरक्षा और तकनीक पर विशेष जोर
नए कार्यालय में आधुनिक सुरक्षा और तकनीकी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रवेश से लेकर निकास द्वार तक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही डिजिटल वार रूम, कॉल सेंटर, आईटी सेल और चुनाव प्रबंधन कक्ष की भी व्यवस्था होगी। भवन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री (संगठन), सभी प्रदेश महामंत्री, उपाध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और चुनाव प्रभारियों के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी मंत्रियों के लिए भी आधुनिक केबिन होंगे।
इनके लिए बनेगा कक्ष
सातों मोर्चा अध्यक्षों युवा, महिला, किसान, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक मोर्चा के लिए भी अलग कार्यालय कक्ष बनाए जाएंगे। नए कार्यालय परिसर में तीन से पांच सभागार बनाए जाएंगे। इनमें एक हजार, 1200 और 500 लोगों की क्षमता वाले सभागार शामिल होंगे, ताकि बड़े स्तर की बैठकें और कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। साथ ही पुस्तकालय, गेस्ट हाउस, कैंटीन, हरित क्षेत्र और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। नया कार्यालय बनने के बाद वर्तमान प्रदेश कार्यालय भवन में पटना महानगर भाजपा कार्यालय संचालित होगा।