बिहार कैबिनेट की बैठक खत्म, इन महत्व एजेंडो पर लगी मुहर

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में दोनो डिप्टी सीएम समेत सभी विभागों के मंत्री मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद की इस बैठक में कई महत्वपूर्ण एजेंडो को मंजूरी दी गई....

बिहार कैबिनेट की बैठक खत्म, इन महत्व एजेंडो पर लगी मुहर
कैबिनेट की बैठक में कई एजेंडो पर लगी मुहर- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज बिहार मंत्रिमंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य के विकास, बुनियादी ढांचे (Infrastructure), शिक्षा और धार्मिक पर्यटन से जुड़े कई अहम एजेंडों को हरी झंडी दी गई है। सरकार के इन फैसलों से जहां एक ओर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, वहीं दूसरी ओर युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।


PPP मॉडल पर बदलेगी 31 बस स्टैंडों की सूरत, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

कैबिनेट ने राज्य में आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। बिहार के 31 बस स्टैंडों के आधुनिकीकरण और समग्र विकास के लिए पीपीपी (Public-Private Partnership) मॉडल पर काम करने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना में पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया, दरभंगा, पूर्णिया, मुंगेर, कटिहार, सहरसा, नवादा, मधुबनी और किशनगंज सहित राज्य के विभिन्न जिलों के प्रमुख बस स्टैंड शामिल हैं। इन्हें आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, डिजिटल सेवाओं, बेहतर पार्किंग और स्वच्छता सुविधाओं से लैस किया जाएगा।


बिहार के 5 जिलों में स्थापित होंगे नए केंद्रीय विद्यालय

शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार करते हुए बिहार सरकार ने राज्य में पाँच नए केंद्रीय विद्यालयों (Kendriya Vidyalayas) की स्थापना को मंजूरी दी है। ये नए विद्यालय पूर्णिया पूर्व (मौजा-मधुबनी), राजगीर (मौजा-पिलखी, जिला नालंदा), शेखपुरा (मौजा-नीमी), मधेपुरा (मौजा-साहुगढ़) और मधुबनी (अंचल-राजनगर, मौजा-सतिहारपुर) में खोले जाएंगे। इन पांचों केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना से स्थानीय छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शैक्षणिक संसाधन एवं बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।


बक्सर के ऐतिहासिक भगवान वामन मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण

धार्मिक धरोहरों को सहेजने की दिशा में कैबिनेट ने बक्सर स्थित केंद्रीय कारा (Central Jail) परिसर में अवस्थित भगवान वामन मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं के लिए सुगम प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मंदिर परिसर हेतु भूमि को अलग से चिन्हित कर सुरक्षित किया जाएगा। इसके लिए चहारदीवारी (Boundary Wall) के निर्माण के साथ-साथ पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था विकसित करने का मार्ग प्रशस्त किया गया है।


बिहार के 1100 श्रद्धालु सरकारी खर्च पर जाएंगे 'सोमनाथ यात्रा'

"सोमनाथ स्वाभिमान पर्व- 1000 वर्ष की अटूट आस्था" के पावन अवसर पर बिहार सरकार राज्य के लगभग 1100 श्रद्धालुओं को विशेष धार्मिक यात्रा पर भेजने जा रही है। इसके तहत 20 जुलाई 2026 से दो दिवसीय 'सोमनाथ यात्रा' का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस पूरी यात्रा के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए बिहार मंत्रिपरिषद की बैठक में आवश्यक वित्तीय और प्रशासनिक बजट को मंजूरी दे दी गई है।


नरोत्तम की रिपोर्ट