बिहार खाद्य आयोग के सदस्य मनोज कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की मुलाकात, बाढ़ प्रभावितों को राहत पहुँचाने पर बड़ी पहल
मनोज कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को हो रही परेशानियों और राहत व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों को रखा। पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने ..
Bihar News : बिहार खाद्य आयोग के सदस्य मनोज कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में आई भीषण बाढ़ और उससे प्रभावित लोगों की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में खास तौर पर बाढ़ प्रभावित इलाकों में खाद्य सामग्री की सुचारू आपूर्ति, राहत सामग्री के वितरण और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के मुद्दे पर बातचीत हुई।
मनोज कुमार ने मुख्यमंत्री के समक्ष बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को हो रही परेशानियों और राहत व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों को रखा। उन्होंने खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही यह भी चर्चा की कि राहत का लाभ बाढ़ से प्रभावित अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री की ओर से राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से जारी रखने पर जोर दिया गया।
मनोज कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि बाढ़ की स्थिति से प्रभावित किसी भी परिवार को भोजन, दवा और आश्रय की कमी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि बाढ़ का संकट निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण है, लेकिन प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों से उम्मीद है कि स्थिति में जल्द सुधार होगा। खाद्य सामग्री की आपूर्ति और खाद्य सुरक्षा से जुड़े विषयों पर लगातार निगरानी बनाए रखना भी जरूरी है, ताकि संकट की इस घड़ी में लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
मनोज कुमार ने कहा कि जनसेवा और प्रदेश के कल्याण के लिए उनकी प्रतिबद्धता लगातार जारी रहेगी। बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक खाद्य सामग्री और राहत पहुंचाने के लिए संबंधित स्तर पर समन्वय बनाए रखने की बात भी कही गई।