Bihar Crime: फिर मिले दो शक्तिशाली बम, सर्च ऑपरेशन में मचा हड़कंप, मौके पर ही किए गए नष्ट

Bihar Crime:जंगल के पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दो आईईडी बरामद किए हैं।....

Aurangabad  Two IEDs Found
...फिर मिले दो शक्तिशाली बम- फोटो : reporter

Bihar Crime:  औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड के आजन थाना क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। पचरुखिया जंगल के पहाड़ी इलाके में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दो आईईडी बरामद किए हैं। दोनों विस्फोटकों का कुल वजन करीब 5 किलो बताया जा रहा है। बरामदगी के बाद सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए दोनों आईईडी को मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया गया।

असिस्टेंट कमांडेंट धर्मेंद्र कुमार और आजन थानाध्यक्ष राहुल कुमार के मुताबिक, जिला बल और सीआरपीएफ की 47वीं बटालियन (एफ) की संयुक्त टीम पचरुखिया पुलिस कैंप से करीब डेढ़ किलोमीटर पूरब जंगल के पहाड़ी क्षेत्र में विशेष सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों की नजर संदिग्ध विस्फोटकों पर पड़ी।जांच के बाद दोनों को आईईडी के रूप में चिन्हित किया गया। इसके बाद इलाके को सुरक्षित करते हुए सुरक्षा मानकों के अनुरूप दोनों विस्फोटकों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। समय रहते बरामदगी होने से संभावित खतरे को टाल दिया गया।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि इलाके में नक्सली गतिविधियों की रोकथाम और जंगल में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है। जंगल और पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों की तलाशी और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।

पचरुखिया इलाके में आईईडी मिलने की यह पहली घटना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी करिया डोभा पहाड़ी क्षेत्र से एक आईईडी बरामद की गई थी। लगातार विस्फोटकों की बरामदगी के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन और निगरानी को और तेज कर दिया है।फिलहाल ताजा बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है और संयुक्त टीम द्वारा जंगल के अन्य हिस्सों में भी तलाशी अभियान जारी है।

रिपोर्ट- दीनानाथ मौआर