Bihar Power Substation: बिहार में बिजली व्यवस्था को मजबूती, 7 नए पावर सबस्टेशन शुरू, 5 लाख लोगों को मिलेगा फायदा
Bihar Power Substation:शहर से लेकर गांवों तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त और मजबूत बनाने की दिशा में शनिवार को सात नए पावर सबस्टेशनों का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।
Bihar Power Substation: बिहार के लोगों के लिए बिजली के मोर्चे पर अच्छी खबर है। शहर से लेकर गांवों तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त और मजबूत बनाने की दिशा में शनिवार को सात नए पावर सबस्टेशनों का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इन परियोजनाओं से करीब पांच लाख आबादी को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही 423 नए आपूर्ति ट्रांसफार्मर और 497 किलोमीटर एबी केबल लगाने के काम की भी शुरुआत की गई। सरकार की इस पहल से उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
नए पावर सबस्टेशनों में खगौल के डीपीएस मोड़, दानापुर ब्लॉक, गुलजारबाग स्थित एससीईआरटी परिसर, कंकड़बाग के छोटी पहाड़ी-2, फतुहा के नरायना, बख्तियारपुर के मंझौली और नौबतपुर के गोपालपुर शामिल हैं। सभी सातों विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता 20-20 एमवीए निर्धारित की गई है। प्रत्येक सबस्टेशन से 16 मेगावाट तक बिजली की आपूर्ति की जा सकेगी। खास बात यह है कि सभी उपकेंद्र जीआईएस तकनीक पर आधारित हैं। इससे बिजली की बढ़ती मांग के मुताबिक आपूर्ति प्रबंधन आसान होगा।
इन परियोजनाओं से खगौल, कलिकेत नगर, सगुना मोड़, आईएएस कॉलोनी, रामजयपाल पथ, आरपीएस मोड़, गोला रोड, दानापुर, तकियापर, अगमकुआं, छोटी पहाड़ी और गुलजारबाग समेत आसपास के इलाकों को राहत मिलेगी। वहीं फतुहा, बख्तियारपुर और नौबतपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति बेहतर होगी।
गर्मी में ओवरलोडिंग, ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त दबाव और बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से निजात दिलाने के लिए 423 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। खुले तारों की जगह 497 किलोमीटर एबी केबल बिछाई गई है। इससे बिजली चोरी और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में भी मदद मिलेगी।
नई व्यवस्था की अहमियत यह है कि उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति के दो स्रोत मिलेंगे। एक स्रोत बाधित होने पर दूसरे से सप्लाई बहाल की जा सकेगी। इससे लंबे बिजली संकट से राहत मिलेगी।