Bihar Politics : बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी पहुंचे गोपालगंज, थावे मंदिर में की पूजा अर्चना, कई योजनाओं का किया शिलान्यास और उद्घाटन

Bihar Politics : बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी गोपालगंज पहुंचे. जहाँ उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया......पढ़िए आगे

Bihar Politics : बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी पहुंचे गोप
गोपालगंज पहुंचे अशोक चौधरी - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : आज बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने गोपालगंज जिले के थावे, बुधसी पंचायत तथा आसपास के क्षेत्रों में एक के बाद एक कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में सहभागिता कर क्षेत्रीय विकास की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। कार्यक्रम की शुरुआत थावे स्थित प्रसिद्ध जगतजननी माँ थावे मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन से हुई, जहाँ मंत्री ने प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात मंत्री ने बुधसी पंचायत पहुंचकर भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने पंचायत में नवनिर्मित पुस्तकालय एवं विवाह भवन का उ‌द्घाटन कर जनता को समर्पित किया। इन कार्यक्रमों के उपरांत बुधसी में आयोजित जनसंवाद सभा में मंत्री  ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दूरदर्शी, संवेदनशील और विकासोन्मुख नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज बिहार चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का 'न्याय के साथ विकास' का मंत्र हर वर्ग, हर तबके तक पहुंच चुका है और अब विकास केवल आंकड़ों में नहीं, जमीनी हकीकत में दिखता है।

शिक्षा में बदलाव

मंत्री जी ने बताया कि 2005 से पहले बिहार में लगभग 15% बच्चे स्कूल से बाहर थे। मुख्यमंत्री ने प्राथमिक से लेकर तकनीकी शिक्षा तक व्यापक सुधार किए। आज राज्य में अनेक इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई और महिला शिक्षा को बढ़ावा देने वाली योजनाएं संचालित हो रही हैं।

सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण

महिलाओं को आरक्षण, जीविका जैसी योजनाएं तथा दलित-पिछड़ा वर्ग के लिए पृथक विभागों का गठन कर बिहार ने समावेशी विकास का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि 2004 में बिहार का वार्षिक बजट महज ₹40,000 करोड़ था जो आज बढ़कर ₹2.80 लाख करोड़ (2024-25) से अधिक हो गया है। यह कुशल वित्तीय प्रबंधन और पारदर्शी शासन का प्रमाण है।

दलित और पिछड़े वर्गों का सशक्तिकरण

पहले इन वर्गों के लिए कोई ठोस नीति नहीं थी। आज 'अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग' और 'दलित विकास मिशन' जैसे संस्थागत माध्यमों से शिक्षा, उद्यमिता, छात्रवृत्ति, आवास और सामाजिक सुरक्षा की योजनाएं चलाई जा रही हैं। मंत्री ने कहा कि बिहार की धरती सिर्फ ऐतिहासिक नहीं, बल्कि वर्तमान में सामाजिक न्याय और विकास की नई गाथा लिख रही है। मुख्यमंत्री का विजन हर गाँव, हर टोले तक समावेशी विकास की लौ जला रहा है। मंत्री अशोक चौधरी ने कहा की वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष) (MMGSY) के अन्तर्गत इस क्षेत्र में कुल 04 सड़कों एवं एक पुल का निर्माण स्वीकृत हुआ है, जिनकी कुल लंबाई 6.57 कि0मी0 है और इसकी कुल लागत ₹8.27 करोड़ है। ये सड़कें न केवल ग्रामीण आवागमन को सुलभ बनायेगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति प्रदान करेंगी। इन पथों के निर्माण से सभी सामाजिक वर्ग के लोगों को जिला मुख्यालय, अस्पताल, कॉलेज, धार्मिक स्थलों, बाजार इत्यादि स्थानों पर आवागमन में कम दूरी तय करना पड़ेगा एवं समय की बचत होगी।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस मौके पर सांसद अलोक कुमार सुमन, एमएलसी राजीव कुमार, बिहार राज्य नागरिक परिषद के सदस्य  मंजीत कुमार सिंह, महासचिव अरविन्द कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह, मुखिया किरण देवी, बीजेपी प्रदेश कार्य समिति सदस्य उमेश प्रधान, ग्रामीण कार्य विभाग के मुख्य अभियंता जय किशोर ठाकुर, अधिक्षण अभियंता राम विनय सिंह, कार्यपालक अभियंता भूपेश कुमार, योगेश, तेज प्रताप, सहायक अभियंता रामलाल महतो,  ज्योति मधेशिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।