Bihar school closed: पटना औरंगाबाद में 5वीं तक के स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश,गयाजी-जहानाबाद में समय बदला, बिहार में भीषण लू का कहर

Bihar school closed: बिहार इस समय आसमान से बरसती आग और जमीन से उठती तपिश के बीच झुलस रहा है। ....

Bihar Heatwave Patna Schools Up to Class 5 Shut Red Alert Is
पटना औरंगाबाद में 5वीं तक के स्कूल बंद- फोटो : social Media

Bihar school closed: बिहार इस समय आसमान से बरसती आग और जमीन से उठती तपिश के बीच झुलस रहा है। भीषण गर्मी और जानलेवा हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए राजधानी पटना में प्रशासन ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। जिला दंडाधिकारी त्यागराजन एस.एम. ने आदेश जारी कर कक्षा 5वीं तक के सभी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया है।यह आदेश न सिर्फ सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा, बल्कि आंगनबाड़ी केंद्रों और प्री-स्कूलों को भी इसकी जद में लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर खतरा मंडरा रहा है, इसलिए यह कदम मजबूरी में उठाना पड़ा है। आदेश 22 मई से 26 मई तक प्रभावी रहेगा।

कक्षाओं का समय बदला, 6 से 8 तक भी सख्त पाबंदी

भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने केवल छोटे बच्चों पर ही नहीं, बल्कि बड़े बच्चों पर भी नियंत्रण कसा है। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए भी नया टाइम-टेबल लागू किया गया है। अब इन छात्रों की पढ़ाई सुबह 10:30 बजे तक ही सीमित कर दी गई है। उसके बाद सभी शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी। डीएम ने साफ कहा है कि दोपहर की तपती धूप में बच्चों को बाहर रखना उनके जीवन के लिए खतरा बन सकता है, इसलिए यह निर्णय जनहित में लिया गया है।

 बिहार में तापमान 45°C के करीब, धरती बनी तंदूर

मौसम विभाग के आंकड़े डराने वाले हैं। बिहार के कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। रोहतास के डेहरी में तापमान 44.6°C दर्ज किया गया, जबकि कैमूर में 44.4°C तक पारा चढ़ गया। वहीं कई अन्य जिले भी भीषण लू की चपेट में हैं।दोपहर के समय सड़कें सुनसान, बाजारों में सन्नाटा और आसमान से बरसती आग ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।

 कई जिलों में स्कूलों पर पहले ही रोक

सिर्फ पटना ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार में स्थिति गंभीर बनी हुई है। गया और जहानाबाद में पहले ही 5वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं औरंगाबाद में कक्षा 8वीं तक स्कूलों पर पाबंदी लगा दी गई है और 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं भी केवल सुबह 11:30 बजे तक संचालित की जा रही हैं। इसी तरह सासाराम और छपरा में भी छोटे बच्चों के स्कूल पहले ही बंद कर दिए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि पूरा राज्य लू के गंभीर संकट से जूझ रहा है।

 प्रशासन का अलर्ट मोड, जनता से विशेष अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें। धूप में नंगे पैर चलने से बचें और बच्चों, बुजुर्गों व गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें।लोगों को सलाह दी गई है कि शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए लगातार पानी, नारियल पानी, नींबू पानी, जूस और तरबूज जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें।

 मौसम विभाग का रेड अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने बिहार के 14 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। चेतावनी दी गई है कि आने वाले 3–4 दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। दोपहर के समय लू का असर और भी खतरनाक हो सकता है। भीषण गर्मी ने बिहार को जैसे एक आग के गोले में बदल दिया है। प्रशासन के फैसले भले ही राहत देने वाले हों, लेकिन हालात साफ संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिन और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। फिलहाल जनता की निगाहें मौसम की राहत और प्रशासनिक फैसलों पर टिकी हैं।