TRE-4 पर बड़ा फैसला? मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुलाई हाई-लेवल मीटिंग, नोटिफिकेशन पर बड़ा फैसला संभव

Bihar TRE-4 News: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर जारी आंदोलन और सड़क से सचिवालय तक बढ़ते दबाव के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज शाम 5 बजे शिक्षा विभाग के शीर्ष अधिकारियों की एक अहम बैठक बुलाई है...

TRE 4 Decision Likely Bihar CM Calls High Level Meet on Noti
TRE-4 पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुलाई हाई-लेवल मीटिंग- फोटो : social Media

Bihar TRE-4 News: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर जारी आंदोलन और सड़क से सचिवालय तक बढ़ते दबाव के बीच सत्ता के गलियारों में हलचल तेज हो गई है। लगातार हो रहे विरोध-प्रदर्शन और अभ्यर्थियों के आक्रोश ने सरकार को अब सीधे एक्शन मोड में ला दिया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज शाम 5 बजे शिक्षा विभाग के शीर्ष अधिकारियों की एक अहम बैठक बुलाई है, जिसे बेहद निर्णायक माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, इस हाईलेवल मीटिंग का मुख्य एजेंडा TRE-4 शिक्षक भर्ती नोटिफिकेशन को लेकर उठ रहे सवाल और उस पर अंतिम निर्णय की दिशा तय करना है। लंबे समय से अभ्यर्थी नई बहाली प्रक्रिया और नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे सरकार पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तर पर दबाव बढ़ गया है।

बैठक में शिक्षा मंत्री के साथ-साथ शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, मुख्यमंत्री सचिवालय के प्रमुख अधिकारी और नीति निर्धारण से जुड़े अफसर मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में सिर्फ औपचारिक चर्चा नहीं होगी, बल्कि भर्ती प्रक्रिया की टाइमलाइन, नियमों में संभावित बदलाव और नोटिफिकेशन की रूपरेखा पर भी गहन मंथन होगा।सूत्र बताते हैं कि सरकार इस बार शिक्षक बहाली प्रक्रिया को लेकर कोई भी फैसला जल्दबाजी में नहीं लेना चाहती, क्योंकि पिछली प्रक्रियाओं को लेकर भी कई तरह की शिकायतें और विवाद सामने आ चुके हैं। इसी वजह से इस बार फीडबैक आधारित रणनीति पर जोर दिया जा रहा है।

बैठक में शिक्षा विभाग के पूरे कामकाज की समीक्षा भी की जाएगी, जिसमें भर्ती प्रक्रियाओं की धीमी गति, रिक्त पदों की स्थिति और अभ्यर्थियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा होगी।TRE-4 को लेकर चल रहा विवाद अब राजनीतिक रंग भी लेने लगा है, क्योंकि विपक्ष लगातार सरकार पर देरी और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगा रहा है। ऐसे में यह बैठक केवल प्रशासनिक नहीं बल्कि राजनीतिक रूप से भी बेहद अहम मानी जा रही है।

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या आज की बैठक के बाद शिक्षक भर्ती नोटिफिकेशन को लेकर कोई ठोस घोषणा होती है या फिर अभ्यर्थियों को अभी और इंतजार करना पड़ेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट