EPFO New Rules 2026: नौकरीपेशा लोगों की बल्ले-बल्ले! अब PF खाते से निकाल सकेंगे इतने फीसदी पैसा, EPFO ने बदले नियम, बेरोजगारी में भी बड़ी राहत

EPFO New Rules 2026: नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रोविडेंट फंड यानी पीएफ को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है।

EPFO New Rules
नौकरीपेशा लोगों की बल्ले-बल्ले!- फोटो : X

EPFO New Rules 2026: नौकरीपेशा लोगों के लिए प्रोविडेंट फंड यानी पीएफ को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने पीएफ निकासी के नियमों में बड़ी राहत देने वाले प्रस्तावों को मंजूरी दी है। अब 55 साल से कम उम्र के पात्र कर्मचारी अपने पीएफ खाते में जमा योग्य राशि का 90 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे। पहले यह सीमा 75 प्रतिशत थी। इस फैसले से उन कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें नौकरी के दौरान अचानक पैसों की जरूरत पड़ती है।

19 नवंबर 2026 को केंद्रीय न्यासी बोर्ड  की बैठक में पीएफ खाते में अनिवार्य रूप से बचाकर रखी जाने वाली राशि को 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत करने की मंजूरी दी गई। इसका मतलब है कि पात्र सदस्य अब अपने खाते की अधिक राशि निकाल सकेंगे और कम से कम 10 प्रतिशत रकम खाते में सुरक्षित रहेगी।

बेरोजगारी की स्थिति में भी कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। नौकरी छूटने के बाद पूरा पीएफ निकालने के लिए पहले 12 महीने तक इंतजार करना पड़ता था। अब इस अवधि को घटाकर दो महीने करने की मंजूरी दी गई है। यानी नौकरी छूटने के बाद लगातार दो महीने बेरोजगार रहने पर पात्र सदस्य अंतिम निकासी के लिए दावा कर सकेंगे। ध्यान रहे, यह पीएफ सदस्य बनने के दो महीने बाद पैसा निकालने का नियम नहीं है।=

पीएफ निकासी की प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है। अब 13 अलग-अलग प्रावधानों को तीन मुख्य श्रेणियों में समेटा गया है। इनमें जरूरी आवश्यकताएं, आवास संबंधी जरूरतें और विशेष परिस्थितियां शामिल हैं। बीमारी के इलाज, बच्चों की पढ़ाई, शादी, मकान खरीदने और निर्माण जैसे खर्चों के लिए आंशिक निकासी की सुविधा जारी रहेगी।

हालांकि, इन नए बदलावों को लागू करने के लिए ईपीएफ योजना में जरूरी संशोधनों की अधिसूचना जारी होना बाकी है।विशेषज्ञों की सलाह है कि बिना जरूरत पीएफ की रकम न निकालें, क्योंकि यह भविष्य की आर्थिक सुरक्षा और रिटायरमेंट की बचत है।