Bihar IAS Transfer: आधा दर्जन आईएएस अधिकारियों का बदला प्रभार, विवेक मैत्रेय बने खेल निदेशक

बिहार के सामान्य प्रशासन विभाग ने कई आईएएस अधिकारियों का तबादला एवं प्रभार में फेरबदल किया है। नवीन कुमार को बियाडा का अतिरिक्त प्रभार, विवेक मैत्रेय को खेल निदेशक और अनिल कुमार को भवन निर्माण निगम की कमान सौंपी गई है।

 Bihar IAS Transfer List
आधा दर्जन आईएएस अधिकारियों का बदला प्रभार, विवेक मैत्रेय बने खेल निदेशक- फोटो : news 4 nation

बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुगम और गतिमान बनाने के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों का बड़े पैमाने पर स्थानांतरण और अतिरिक्त प्रभार में बदलाव किया है। सरकार के आदेश से जारी अधिसूचना के तहत उद्योग, खेल, सूचना एवं जन-सम्पर्क, और भवन निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विभागों तथा निगमों के शीर्ष पदों पर तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियों का पुनर्गठन किया गया है।


नवीन कुमार को बियाडा का अतिरिक्त प्रभार, कुन्दन कुमार जिम्मेदारी से मुक्त

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के विशेष सचिव नवीन कुमार (IAS 2011) को अब बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA), पटना के प्रबंध निदेशक (MD) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। नवीन कुमार पूर्व से ही सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के प्रभारी सचिव और बिहार स्टेट बिवरेजिज कॉरपोरेशन लिमिटेड के एमडी का प्रभार संभाल रहे हैं। इस नई व्यवस्था के तहत उद्योग विभाग के सचिव कुन्दन कुमार (IAS 2004) को बियाडा के प्रबंध निदेशक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।


खेल निदेशक और भवन निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक के पदों पर बड़ा बदलाव

सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग में अपर सचिव के पद पर कार्यरत विवेक रंजन मैत्रेय (IAS 2017) को स्थानांतरित करते हुए 'निदेशक, खेल' के पद पर पदस्थापित किया गया है। वे राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन (IAS 2017) को खेल निदेशक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करेंगे। वहीं, सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के निदेशक अनिल कुमार (IAS 2017) का स्थानांतरण कर उन्हें बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, पटना के प्रबंध निदेशक पद पर नियुक्त किया गया है।


इंफ्रास्ट्रक्चर और जनसंपर्क विभाग में युवा अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार 

पथ निर्माण विभाग में संयुक्त सचिव पद पर कार्यरत अभिषेक पलाशिया (IAS 2020) को बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, साथ ही उन्हें सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के संयुक्त सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री सचिवालय के संयुक्त सचिव श्रीकांत कुण्डलिक खाण्डेकर (IAS 2020) को उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव तथा मुख्यमंत्री सचिवालय की संयुक्त सचिव श्रीमती गुंजन सिंह (IAS 2020) को निदेशक (सूचना एवं जन-सम्पर्क) एवं प्रबंध निदेशक (बिहार राज्य संवाद समिति) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।